Thursday, September 25

अब झारखंड में भी यूपी मॉडल, चौक-चौराहों पर लगे रांची हिंसा के पत्थरबाजों के पोस्टर, तीन आरोपी गिरफ्तार

अब झारखंड पुलिस ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस का फॉर्मूला अपना लिया है। यूपी पुलिस के तर्ज पर रांची पुलिस ने रांची हिंसा के पत्थरबाजों के पोस्टर जारी किए है। जिसे शहर के अलग-अलग हिस्सों में चिपकाया गया है। इस पोस्टर में पत्थर फेंकने वाले कई लोगों की तस्वीर दिख रही है। पोस्टर चिपकाते हुए रांची पुलिस ने लोगों ने इन उपद्रवियों की पहचान कर पुलिस को मदद करने की अपील की है।

दूसरी ओर रांची पुलिस ने 10 जून को शहर में हुई हिंसा के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों की कोरोना जांच कराए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पर्याप्त सबूत के आधार पर इन तीनों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि पुलिस ने अभी इन तीनों के नामों का खुलासा नहीं किया है। इससे पहले तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। दूसरी ओर पोस्टर चिपकाए जाने के बाद हिंसा में शामिल लोग और उनके परिजनों की हवाईयां उड़ी हुई है।

10 जून को हुई हिंसा में हुई थी दो लोगों की मौत-
बताते चले कि 10 जून को बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देश भर में विरोध-प्रदर्शन हुए थे। लेकिन रांची में प्रदर्शन हिंसक हो गया था। उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया था। सड़क किनारे खड़ी वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। हिंसा पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले के साथ-साथ फायरिंग करनी पड़ी थी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।

तस्वीरों में हाथ में पत्थर लिए साफ नजर आ रहे आरोपी-
अब पुलिस ने 10 जून को हिंसा में शामिल लोगों की तस्वीर जारी की गई है। पुलिस ने दो पोस्टर बनवाए हैं, जिन्हे शहर के चौक-चौराहों पर लगाया जा रहा है। इन तस्वीरों में आरोपी हाथ में पत्थर लिए साफ नजर आ रहे हैं। कुछ के चेहरे आधे ढंके हुए हैं। कुछ तस्वीरों पर आरोपियों के नाम भी लिखे हुए हैं। इन पोस्टरों को जारी करते हुए पुलिस ने लोगों से इन उपद्रवियों की पहचान कर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

पोस्टर में पुलिस अधिकारियों का नंबर भी दिया गया है-
जारी हुए पोस्टरों में ज्यादातर युवा हैं। दोनों पोस्टर में रांची पुलिस के अधिकारियों के फोन नंबर भी दिए गए हैं। बताते चले कि पैगंबर पर विवादित टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन हुआ था। जिसमें SSP समेत 3 पुलिसकर्मी को चोटें आई थीं। वहीं, फायरिंग में दो लोगों की मौत हुई है। जबकि, 20 से अधिक इलाजरत हैं। अब रांची पुलिस एक-एक कर इन उपद्रवियों को पकड़ने में जुटी है।