मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बांद्रा इलाके में बुधवार देर रात वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास एक दो मंजिला बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया है। इस हादसे में 18 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि मलबे में कई लोग फंसे हो सकते हैं। मौके पर राहत का काम जारी है। फायरब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था। दमकल विभाग की चार गाडियां मौके पर पहुंची है।
ज्ञात हो कि मुंबई के बांद्रा इलाके में दो मंजिला बिल्डिंग का हिस्सा गिरने की खबर मिलते ही दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची है। साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन का काम जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी दो लोग फंसे हैं। जिन्हें बाहर निकालने का काम शुरू है। घायलों को इलाज के लिए भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये घटना रात एक बजे के करीब की बताई जा रही है।
बीएमसी ने पूरी घटना पर कहा कि बांद्रा पश्चिम के शास्त्री नगर इलाके में जी+2 का ढांचा गिरा है। इस घटना में एक शख्स की मौत हुई है। मौके पर राहत का काम जारी है। इससे पहले बीएमसी ने एक ट्वीट में कहा कि एक जी+2 बिल्डिंग गिरी है। कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि 3-4 लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। इससे पहले कल्याण में सोमवार को नवनिर्मित बहुमंजिला बिल्डिंग की पार्किंग लिफ्ट गिरने से चार मेंटेनेंस कर्मी घायल हुए थे। यह घटना शाम में साढ़े 6 बजे हुई थी।