Friday, September 26

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में फिर आई खराबी, यमुना बैंक व इंद्रप्रस्थ स्टेशन के बीच टूटा वायर

राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन कही जानी वाली मेट्रो में फिर खराबी आ गई है। द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्टॉनिक सिटी और वैशाली तक जाने वाली ब्लू लाइन में खराबी आ गई है। इस कारण इस रूट पर मेट्रो की आवाजाही में देरी हो रही है। ऑफिस टाइम में इस खराबी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मेट्रो ऑथिरिटी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार यमुना बैंक और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास ओवरहेड वायर टूट गया है। इस कारण ब्लू लाइन पर मेट्रो सर्विस एक घंटे से अधिक समय से प्रभावित है। मेट्रो सर्विस में देरी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग सोशल मीडिया पर मेट्रो को लेकर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं।

बीते सोमवार को भी ढाई घंटे प्रभावित था ब्लू लाइन-

बताते चले कि बीते सोमवार को भी इस रूट पर भी खराबी आई थी। उस दिन तकनीकी खराबी के कारण ब्लू लाइन की सर्विस करीब ढ़ाई घंटे तक प्रभावित रही थी। आज की खराबी के संबंध में डीएमआरसी ने बयान जारी कर कहा कि द्वारका सेक्टर 21 और नोएडा इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी/वैशाली रूट पर ब्लू लाइन सर्विस की मेट्रो देरी से चल रही है। हालांकि अन्य लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।

डीएमआरसी ने ट्वीट कर खराबी के संबंध में दिया अपडेट-

थोड़ी देर पहले डीएमआरसी ने ब्लू लाइन सेवा में खराबी के संबंध में एक नया ट्वीट कर नया अपडेट दिया है। इस ट्वीट में बताया गया कि यमुना बैंक और इंद्रप्रस्थ लाइन के बीच ओवरहेड वायर क्षतिग्रस्त हो गया है। इस खराबी को युद्धस्तर पर ठीक किया जा रहा है। जैसे ही ओवरहेड वायर ठीक होगा इसकी जानकारी तुरंत दी जाएगी। असुविधा के लिए खेद है।

सोशल मीडिया पर लोग निकाल रहे गुस्सा-

मेट्रो में आई खराबी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जो सोशल मीडिया पर दिख रहा है। कई यूजरों ने मेट्रो में आई खराबी को लेकर डीएमआरसी को लताड़ लगाई है। चेतन नामक एक यूजर ने ट्वीट किया है कि निराश करने वाली सुबह। इस ट्वीट में यमुना बैंक की तस्वीर के साथ मेट्रो के आने की टाइमिंग दिखाया है।