विदिशा। जिले में 14 मई को नेशनल लोक अदालत की तैयारियां चल रही है। इसमें विद्युत वितरण कंपनी, नगरपालिका के राजस्व संबंधी मामलों के अलावा अन्य विभागों के प्रकरणों का समझौता के जरिए निराकरण किया जाएगा। इसके लिए विद्युत वितरण कंपनी के विदिशा संभाग से संबंधित करीब10 करोड़ की राशि के 3 हजार 601 प्रकरण भी शामिल रहेंगे। विद्युत वितरण कंपनी से मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल लोक अदालत में विद्युत चोरी एवं अनियमितता संबंधी प्रकरणों का समझौते के अंतर्गत निराकरण किया जाएगा। इसमें विदिशा संभाग के प्रिलिटिगेशन के 3 हजार 291 प्रकरण जो 8 करोड़ 92 लाख 67 हजार की राशि के हैं । वहीं न्यायालय में गतिशील 316 प्रकरण जो 1 करोड़ 16 लाख 91 हजार की राशि के हैं। यह सभी प्रकरण नेशनल लोक अदालत में रखे जाएंगे। इन प्रकरणों में संबंधितों को नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे पूर्व समझौते पर चर्चा करने के लिए प्री-सिटिंग बैठक 10 मई को किया जाना तय किया गया है। इधर नपा की तैयारी नेशनल लोक अदालत के आयोजन को लेकर नपा की भी तैयारी है। नपा की राजस्व शाखा अपने राजस्व वसूली के लिए बकायादारों को बिल दिए जाने का कार्य कर रही है। नपा शाखा से मिली जानकारी के अनुसार शहर में संपत्तिकर एवं जलकर बकायादारों से करोड़ों की राशि वसूल की जाना है। इसके लिए करीब 2 हजार 500 बड़े बकायादारों को राशि के बिल दिए जा रहे हैं। इसमें करीब 1500 बिलों का वितरण किया जा चुका है। बकायादारों को राशि जमा करने पर राशि में कुछ छूट का लाभ भी मिलेगा। नपा को उम्मीद है नेशनल लोक अदालत के आयोजन से इस दिन बकाया राशि की अच्छी वसूली हो सकेगी और लोगों के लंबित भुगतान के मामले निपट सकेंगे।