– किसानों की बढ़ी चिंता, खुले में रखा किसानों का गेहूं
– मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
सागर। पश्चिमी विक्षोप की वजह से जिले का मौसम दो दिनों से बदल रहा है। मंगलवार को शहर में बादल छाए और धूल भरी आंधी चली, वहीं जिले में कई जगह हल्की बारिश हुई। बारिश से तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई।
इन दिनों खरीदी केंद्रों पर किसानों का गेहूं रखा हुआ है। केंद्रों से 70 प्रतिशत ही गेहूं का परिवहन हुआ है। सागर में अब तक 16738 किसानों ने खरीदी केंद्रों पर गेहूं बेचा हुआ है। जिले में 1 लाख 21 हजार मिट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई है और केंद्रों से 95241 मीट्रिक टन गेहूं का ही परिवहन हुआ है।
जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। देवरी के ग्राम सरईवन, बघवारा, रसेना, डोभी, खेरी आदि में बारिश हुई। नरयावली क्षेत्र के परसोरिया, सानौधी, सीहोरा, मुगरयाऊ, भापेल, रतौंना और सोमला, गढ़ाकोटा तहसील के कई गांव में आधे घंटे तक बारिश हुई। किसानों का कहना है कि बारिश से ग्रीष्म कालीन फसलों को फायदा मिलेगा।
सुबह से तेज धूप ने किया परेशान शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे से ही लोगों के लिए तेज धूप परेशान कर रही है। दोपहर 2 बजे के बाद मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
इसलिए बदल रहा है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो वर्तमान में उत्तर पश्चिमी राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। पूर्वी विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक भी एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। दक्षिण् पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
इसके अतिरिक्त एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान और उसके आसपास बना हुआ है। इन चार मौसम प्रणालियों के कारण वातावरण में नमी बढऩे से मप्र में मानसून पूर्व की गतिविधि होने लगी है। मंगलवार को भी गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।
अप्रेल के महीने में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है, लेकिन अब मई के दो ही दिनों में तापमान में हल्की सी गिरावट आई है। सोमवार को सुबह हल्के बादलों के चलते तापमान में ज्यादा बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी लेकिन दिन में तापमान में बढ़ोत्तरी हुई। तापमान में कमी का कारण रविवार को मौसम में आए बदलाव से हुआ है। इससे रात के तापमान में .8 डिग्री तक की कमी आई।
मौसम में बदलाव के चलते 28 और 29 अप्रेल को तापमान 45 डिग्री के पार हो चुका है, लेकिन उसके बाद से ही अब कमी आई और तापमान 43 डिग्री पर आ गया है।