Tuesday, September 30

क्या फिर से बदलेगा कर्नाटक का मुख्यमंत्री? अमित शाह के दौरे को लेकर अटकलें शुरू

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने पदभार संभालने के नौ महीने बाद उनको पद से हटाने की खबरें राजनीतिक गलियारों में खूब जोर पकड़ रही है। अमित शाह कर्नाटक के दौरे पर जाने वाले हैं जिस वजह से इन खबरों को खूब हवा मिल रही है। ऐसे में इस कारण सत्तारूढ़ भाजपा को 2023 के राज्य चुनावों में पार्टी को प्रभावित करने का डर सता रहा है।

दरअसल, 2023 विधानसभा चुनावों के लिए कर्नाटक भाजपा को 150 सीटों का लक्ष्य निर्धारित करने के ठीक एक महीने बाद, केंद्रीय मंत्री अमित शाह मंगलवार को एक बार फिर राज्य का दौरा करने वाले हैं। इस दौरे को लेकर कहा जा रहा है कि या या तो यहाँ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव हो सकता है या सीएम चेहरा बदल सकता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज राज्य की राजधानी बेंगलुरु के दौरे ने अटकलों को और बल दिया है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार बोम्मई के जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने की संभावना भी है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने दिल्ली और गुजरात में स्थानीय चुनावों का हवाला देते हुए कहा था कि बीजेपी नेतृत्व में भी बड़े बदलाव की संभावना जताई है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में बदलाव होते रहते हैं। बीएल संतोष ने कहा, “दूसरी बार सत्ता में आना कोई आसान काम नहीं है। जो अभी हैं वे दूसरी बार चुनाव जीतने की चुनौती को जानते हैं। सत्ता विरोधी लहर बहुत मजबूत हो जाती है।”