Friday, October 3

जाम लगने से हालात बद से बदतर-अव्यवस्थित यातायात को लक्ष्मण रेखा डालकर नियंत्रण करने की तैयारी

नगर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नगर पालिका लक्ष्मण रेखा की योजना पर विचार कर रही है। नगर को व्यवस्थित करने के लिए अब तक कोई योजना नपा नहीं बना पाया है। नगर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से अव्यवस्थित पार्किंग नागरिकों के लिए सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है।

नगर में किसी भी मुख्य मार्ग पर वाहन पार्किंग के लिए चिन्हित स्थान नहीं है। स्टेशन से लेकर गांधी चौक तक दो और चार पहिया वाहन सड़कों पर ही खड़े हो रहे हैं। रबी सीजन के कारण बैंकों में केसीसी जमा करने और नया ऋण निकालने के लिए किसानों की भीड़ लगी हुई है। किसानों के वाहन सड़कों पर खड़े हो रहे हैं। विवाह लग्न चलने के कारण गांव से सामग्री खरीदने आए ग्रामीणों के ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर खड़ी करने के बाद घंटों गायब रहते हैं।

वाहन कारोबारी किशन अग्रवाल ने बताया कि नगर में आबादी एक लाख के करीब हो चुकी है। लगातार दो और चार पहिया वाहनों की संख्या बढ़ रही है। एक अनुमान के तहत हर दूसरे परिवार में एक से दो वाहन मौजूद हैं। कई परिवारों में 4 तक हैं।स्टेशन से लेकर गांधी चौक तक सभी मुख्य मार्ग पार्किंग स्थल बने हुए हैं। पटरियों पर कारोबारियों और भवन मालिकों का अतिक्रमण है।

सड़क पर वाहन खड़ाकर घंटों तक लोग बाजार में करते हैं खरीदारी
राजू छाबड़ा ने बताया कि सिरोंज चौराहे से स्टेशन तक मुख्य मार्ग पर आए दिन सड़क पर खड़े ट्रैक्टर ट्राली नागरिकों को समस्या बन रहे हैं। यातायात पुलिस का उन पर कोई नियंत्रण नहीं है। वाहन चालक उनको सड़क पर खड़ा करने के बाद बाजार में घंटों खरीदारी करते हैं।

इन दिनों वैवाहिक कार्यक्रम और रबी सीजन चल रहा है। मंडी से अनाज बेच कर वापस जाते समय ग्रामीण खरीदारी कर रहे हैं। ट्रैक्टर ट्राली के कारण बाजार और मार्ग पर यातायात प्रभावित होता है। पाराशरी नदी, बरेठ रोड पर हालात खराब हैं।

शहर में सबसे ज्यादा यहां के हालात खराब
सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश गुप्ता का कहना है कि स्टेशन रोड, जय स्तंभ चौक, राजीव गांधी अस्पताल, बरेठ और त्योंदा रोड पर सड़क किनारे दोपहिया और चार पहिया वाहन पार्किंग के कारण सड़क सकरी हो रही है। इससे ओवर टेक के दौरान रोज बाइक सवार और पैदल यात्री हादसे का शिकार हो रहे हैं। नगर में अतिक्रमण पर लगाम लगाने वाली मुहिम राजनैतिक कारणों के कारण वर्षों से बंद पड़ी है।

विकास प्लान पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं
सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार सेन ने बताया कि नगर पालिका ने 12 साल पहले नगर के विकास का प्लान तैयार कराया था। इसमें बढ़ती आबादी का केंद्रित कर नगर का भविष्य में किस प्रकार विकास किया जाना है। उसका प्लान बनाया था लेकिन अब तक इस प्लान पर काम प्रारंभ नहीं हो पाया। यहां तक पार्किंग स्थल सब्जी फल मार्केट तक चिन्हित नहीं हो पाए। हर बार नपा इस मुद्दे को टालती जा रही है। नगर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे सड़कें जाम व हादसों का कारण बनी हुई हैं।

अतिक्रमण पाए जाने पर की जाएगी कार्रवाई
दो दिन से सुबह सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने अभियान प्रारंभ किया है लेकिन अब नगर के बाजारों में अतिक्रमण पर लगाम लगाने लक्ष्मण रेखा बनाने की तैयारी है। लक्ष्मण रेखा के बाहर व्यापारी का अतिक्रमण पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
-निशांत सिंह ठाकुर, सीएमओ नपा गंजबासौदा।