Wednesday, October 22

ब्लैक सी में यूक्रेनी हमले का शिकार रूसी वॉरशिप डूबा; पूरे यूक्रेन में एयर अटैक का अलर्ट जारी

यूक्रेन जंग को 51 दिन बीत चुके हैं। इस बीच यूक्रेनी हमले का शिकार रूस का मिसाइल दागने वाला वॉरशिप डूब चुका है। रूसी डिफेंस मिनिस्ट्री ने गुरुवार देर रात कहा कि यूक्रेन में सैन्य अभियान के दौरान क्षतिग्रस्त होने के बाद वॉरशिप मोस्कवा ब्लैक सी में डूब गया। जहाज को टो करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से ऐसा हुआ।

वहीं, यूक्रेन के दक्षिणी सैन्य कमान ने बुधवार देर रात दावा किया कि उसने रूसी वॉरशिप मोस्कवा को नेप्च्यून एंटी-शिप मिसाइलों से तबाह कर दिया है। हमले के बाद यह डूबने लगा और क्रू को जहाज छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि, रूस पहले ही वॉरशिप मिसाइल हमले से इनकार कर चुका है। रूस वे कहा है कि वॉरशिप पर आग कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी।

यूक्रेन के सभी इलाकों में एक साथ हवाई हमले का अलर्ट घोषित किया गया है। कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक, राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह ब्लास्ट की जानकारी मिली है। यहां एक के बाद एक 3 विस्फोट हुए हैं।

जंग के बड़े अपडेट्स…

  • CIA डॉयरेक्चर विलियम जे. बर्न्स ने गुरुवार को कहा कि पुतिन यूक्रेन में जीत न पाने से हताश हैं। इस वजह से वे कम क्षमता वाले न्यूक्लियर वेपन के इस्तेमाल का आदेश दे सकते हैं। बर्न्स रूस में अमेरिकी राजदूत के तौर पर काम कर चुके हैं।
  • यूनाइटेड नेशंस हाई कमिश्नर फॉर रिफ्यूजाीज (UNHCR) के मुताबिक, 50 दिनों के जंग में 50 लाख से अधिक यूक्रेनी नागरिकों ने देश छोड़ा है, जबकि, 71 लाख से अधिक लोग आंतरिक रूप से विस्थापित हुए हैं। इसमें 90% शरणार्थी महिलाएं और बच्चे हैं, क्योंकि बड़े उम्र के पुरुषों को यूक्रेन छोड़ने पर रोक लगा दी गई थी।
  • यूक्रेनी आर्म्ड फोर्स के मुताबिक, रूस पूर्वी यूक्रेन में आक्रामक हमले की तैयारी कर रहा है। इसके लिए दक्षिणी सैन्य जिले की एडिशनल मिलिट्री यूनिट्स को ट्रेनिंग दी जा रही है।
  • फ्रांस ने अपने यूक्रेनी दूतावास को पश्चिमी शहर लीव से वापस राजधानी कीव ले जाने का फैसला किया है। रूसी हमले के बाद इसे मार्च की शुरुआत में स्थानांतरित कर दिया गया था।
  • खार्किव के गवर्नर के मुताबिक, 24 फरवरी को रूसी हमले के बाद से करीब 503 नागरिक मारे गए हैं। इसमें 24 बच्चे भी शामिल हैं।
  • रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूसी बॉर्डर के पास एक पोस्ट पर मोर्टार दागे है। ये हमला ब्रायंस्क इलाके में हुआ है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने गुरुवार को स्वीकार किया है कि पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से रूस के तेल और गैस सेक्टर को नुकसाना पहुंचा है। इस वजह से एक्सपोर्ट कम हुआ है और इंडस्ट्री की लागत बढ़ी है। मॉस्को में अधिकारियों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के दौरान पुतिन ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों के बैंकों ने रूसी एनर्जी एक्सपोर्ट का भुगतान करने में देरी की।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन में एक सीनियर अमेरिकी अफसर को भेजा जा सकता है। इस मसले पर वह अपनी टीम के साथ जाने पर विचार कर रहे हैं। बाइडेन ने कहा- हम अभी इस मामले में फैसला लेने वाले हैं।

US के प्रिंसिपल डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी काराइन जीन-पियरे ने बताया कि हम हर दिन यूक्रेनी सरकार के संपर्क में हैं। इस बारे में अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी। कीव से रूसी सेना के पीछे हटने के बाद कई पश्चिमी देशों के राष्ट्राध्यक्ष यूक्रेन का दौरा कर चुके हैं। हालांकि, बाइडेन के फिलहाल कीव जाने की संभावना नहीं है।