Wednesday, October 22

यूक्रेन को 6,000 करोड़ रुपए की मिलिट्री सहायता देगा अमेरिका; रूस ने 398 अमेरिकी सांसदों को बैन किया

यूक्रेन जंग को 50 दिन पूरे हो चुके हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के लिए 800 मिलियन डॉलर (करीब 6,089 करोड़ रुपए) के मिलिट्री सहायता को मंजूरी दी है। रूसी हमले से निपटने के लिए दी जा रही इस सहायता में तोप, बख्तरबंद गाड़ियां और हेलिकॉप्टर शामिल हैं।

वहीं, रूस ने अमेरिकी संसद के 398 सदस्यों को ट्रैवल बैन लिस्ट में डाल दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि अमेरिका की ओर से पिछले महीने रूसी सांसदों पर बैन लगाया गया था। इसके जवाब में रूस ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा रूस ने कनाडाई सीनेट के 87 सदस्यों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं।

रूस ने कहा है कि आने वाले समय में इस लिस्ट में और भी अमेरिकी नागरिक शामिल किए जाएंगे। बता दें कि अमेरिका ने 24 मार्च को 450 सीटों वाले रूसी संसद ड्यूमा के 328 सदस्यों के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की थी।

जंग के बड़े अपडेट्स…

  • भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि भारत ने यूक्रेन को मार्च महीने में 90 टन राहत सामग्री मुहैया कराई है। फिलहाल दवाओं की आपूर्ति पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
  • चेक दूतावास ने कीव में फिर से काम करना शुरू कर दिया है। चेक विदेश मंत्रालय ने 13 अप्रैल को ट्विटर कर कहा कि हम यूक्रेन के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।
  • कनाडा के प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने यूक्रेन में रूसी हमलों को नरसंहार करार दिया है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट में पुतिन को वॉर क्राइम के लिए जवाबदेह ठहराने के लिए कनाडा ने शुरूआती पहल की।
  • रूस ने यूक्रेन पर गोलीबारी का आरोप लगाया है। रूस के पश्चिमी शहर कुर्स्क के गवर्नर रोमन स्टारोवोइट ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन ने यहां पर गोलीबारी की है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बयान पर नाराजगी जाहिर की है। जेलेंस्की ने कहा कि जंग के दौरान मैक्रों की इस बात ने हमें और दुख पहुंचाया है। दरअसल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बुधवार को रूस की ओर से यूक्रेन में की गई हत्याओं को नरसंहार कहने से इनकार कर दिया था।

हालांकि, मैक्रों ने रूसी हमले को क्रूर जंग करार दिया। उन्होंने कहा कि जो हो रहा है, वह पागलपन है। मैक्रों ने कहा कि नरसंहार शब्द के इस्तेमाल से बचना चाहिए, क्योंकि रूस और यूक्रेनी लोगों के बीच भाईचारा है।

रूस ने कीव में यूक्रेन के कमांड सेंटर्स पर हमले की धमकी दी
रूसी सेना ने बुधवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में यूक्रेन के कमांड सेंटरों पर हमला करने की धमकी दी है। रूसी डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा कि उसने ऐसा करने से अब तक परहेज किया है। यूक्रेनी सैनिक रूसी इलाके पर हमला कर रहे हैं। अगर ऐसे मामले जारी रहते हैं, तो रूसी आर्मी कीव के कमांड सेंटर्स पर हमला करेगा। रूस ने यूक्रेन पर रूस के दक्षिणी इलाकों पर हमला करने का आरोप लगाया है।

फ्रांसीसी डिफेंस मिनिस्टर र्फ्लोरेंस पार्ली ने बुधवार को कहा कि फ्रांस ने यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य सहायता देगा। यह सहायता यूक्रेन की मांग पर दी जा रही है। फ्रांस पहले ही यूक्रेन को 100 मिलियन यूरो कीमत के मिलिट्री इक्विपमेंट्स मुहैया करा चुका है। हालांकि इस अतिरिक्त सैन्य सहायता में क्या शामिल होगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।