Wednesday, October 22

2500 फीट पर फंसे 14 में 10 जिदंगी बचा लाए जवान; अब सिर्फ एक ट्रॉली में रह गए हैं लोग

झारखंड के देवघर में त्रिकुट पर्वत पर रोप-वे हादसे का मंगलवार को तीसरा दिन है। अब सिर्फ 4 लोग फंसे हैं, जिनका रेस्क्यू किया जा रहा है। एयरफोर्स के जवान 2500 फीट ऊंचाई पर रोप-वे की 3 ट्रॉलियों में फंसे 14 में से 10 को निकाल लिया है। तीसरे दिन साढ़े तीन घंटे से ऑपरेशन चल रहा है। ऊंचाई होने की वजह से यह सबसे मुश्किल रेस्क्यू है।

सेना, वायुसेना, आईटीबीपी और NDRF की टीमों ने सोमवार को 12 घंटे के ऑपरेशन के बाद 33 लोगों को तीन हेलिकॉप्टर और रस्सी के सहारे बचाया गया था। रेस्क्यू के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूट जाने के कारण एक व्यक्ति की हेलिकॉप्टर से नीचे गिर कर मौत हो गई। अंधेरा और कोहरा हो जाने की वजह से ऑपरेशन बंद कर दिया गया था। अब तक कुल तीन लोगों की मौत हुई है। एक की पुष्टि प्रशासन ने नहीं की है। 12 लोग घायल हैं।

रेस्क्यू का सबसे कठिन दौर

वायु सेना, सेना और एनडीआरएफ की टीम अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि तीन ट्रॉली सबसे ऊंचाई पर हैं। लिहाजा इनमें से लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। रोप-वे के तार के कारण लोगों तक पहुंचने में कठिनाई आ रही है।

अब तक इस ऑपरेशन में वायु सेना के तीन हेलिकॉप्टर को लगाया गया है। आला अधिकारी लगातार मौके पर कैंप कर रहे हैं। इस हादसे में पिछले दो दिनों में कुल 42 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कुछ लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसमें महिलाएं और बच्चियां शामिल हैं। कुछ घायलों को आईसीयू में भी रखा गया है।