स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले नगरपालिका ने अपनी टीम के साथ सेल्फ असेसमेंट शुरू कर दिया है। इसमें नपा कर्मचारियों और एनजीओ की टीम को लगाया गया है। सेल्फ असेंसमेंट से पहले ही डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और उसके निष्पादन में नपा पिछड़ती दिखाई दे रही है।
नए नियमों के मुताबिक इस बार शहर में 100 प्रतिशत तक खुले स्थानों में वाल पेंटिंग का काम पूरा करना है। यह काम अभी 65 फीसदी तक हुआ है। अभी भी वाल पेंटिंग का काम 35 फीसदी से ज्यादा अधूरा है। पूरे शहर के नालों को लोहे की जाली लगाकर कवर्ड करना है। यह काम भी केवल 2 वार्डों में ही किया गया है। 37 वार्डों में लोहे की जाली लगाने का काम अधूरा है। इस कारण नपा को सर्विस प्रोग्रेस लेवल में कम नंबर मिलेंगे।
हमारा मकसद टाप 10 में आना
सेल्फअसेसमेंट में अभी चल रहा है। पिछले साल मिली 89वीं रैंक में सुधार कर इस बार टाप 10 में आना चाहते हैं। हम रोजाना 15 से 20 टन कचरे का सेग्रीगेशन करने लगे हैं। बजट की कमी से शहर में वाल पेंटिंग और खुले नालों को लोहे की जाली लगाकर कवर्ड नहीं कर पा रहे हैं। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में लोग पर्याप्त सहयोग नहीं कर रहे हैं। वार्ड से कचरा गाड़ी निकलने के बाद खुले में कचरा फेंक देते हैं। -सुधीर सिंह, सीएमओ नगरपालिका विदिशा
साल 2021 के सर्वे में ये थी कैटेगरी, इतने अंक मिले
- कैटेगरी नंबर प्रतिशत
- नागरिकों की राय 1800 30 प्रतिशत
- सेवा स्तर प्रगति 2400 40 प्रतिशत
- डाक्यूमेंटेशन वर्क 1800 30 प्रतिशत
- कुल 6000 100 प्रतिशत
साल 2022 में इतने नंबरों की है उम्मीद
- सर्टिफिकेशन- 2250/1800
- डायरेक्ट आब्जर्वेशन- 3000/2400
- सिटीजन फीडबैक- 2250/1800
- कुल- 7500/6000
नपा के पास इस समय बजट का टोटा है। इस वजह से कई ठेकेदार काम छोड़कर चले गए हैं। बजट नहीं मिलने से वाल पेंटिंग का काम भी अधूरा छोड़ दिया गया है। इसी प्रकार स्वच्छ सर्वेक्षण के नए नियमों के मुताबिक नगरीय निकाय क्षेत्र में सभी खुले नालों को लोहे की जाली लगाकर कवर्ड करना है। यह काम भी खर्चीला है। नपा खर्चे वाले इस काम को हाथ में नहीं लेना चाहती है।
इसी महीने आएंगी जिले में 4 सर्वे टीमें
जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए 4 टीमें इसी महीने विदिशा आएंगी। ये चारों टीमें 3 नपा और 3 नप क्षेत्रों में सर्वे का कार्य करेंगी। आगामी 15 अप्रैल से चारों कैटेगरी में सर्वे शुरू हो जाएगा। इससे पहले नपा अपने कर्मचारियों और एनजीओ की टीम के साथ सेल्फ असेसमेंट कर रही है। यह स्व आकलन 4 दिनों में पूरा होगा। सर्वे की 4 कैटेगरी में इस बार नपा सिटीजन फीडबैक और सेग्रीगेशन में सबसे ज्यादा नंबर लाने की तैयारी कर रही है।
1500 अंक बढ़ाकर परीक्षा 7500 अंकों की कर दी
स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 की परीक्षा 7500 अंकों की होगी। केंद्रीय शहरी मंत्रालय ने इसे आजादी @ 75 नाम भी दिया है। पहले 6000 अंक तय किए गए थे, लेकिन स्वच्छ सर्वेक्षण के सर्वे से पहले 1500 अंकों की वृद्धि कर दी गई है। सबसे ज्यादा 3000 अंक सेवा स्तर प्रगति के तय किए गए हैं। नागरिकों की आवाज के लिए 2250 और प्रमाणीकरण के लिए 2250 अंक तय किए हैं।
अब तक ये काम हो चुके हैं पूरे
- अहमदपुर रोड और बक्सरिया में स्थापित हो चुके हैं 2 कचरा सब स्टेशन
- बक्सरिया सब स्टेशन में शुरू हो चुका है कचरे का सेग्रीगेशन
- ड्राय वेस्ट मटेरियल होने लगा है रिसाइकिल
- वेस्ट मटेरियल से बनने लगी कंपोस्ट खाद
इन कामों पर भी देना होगा ध्यान
- सीवेज लाइन से देने वाले 26000 घरों में कनेक्शन
- हार्डवाटर ट्रीटमेंट के लिए करना होगा इंतजाम
- नालों में बनाने होंगे रैंप
- डोर टू डोर कचरा कलेक्शन पर देना होगा जोर