रविवार को किराना व्यापार संघ का वार्षिक सम्मेलन अतिशय तीर्थ क्षेत्र नसिया पर सम्पन्न हुआ। जिसमें संघ की सालाना गतिविधियों पर चर्चा की गई। व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पद्म ताम्रकार ने व्यापारियों की एकजुटता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि व्यापार देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
कोरोना काल में व्यापारियों में निराशा का माहौल बना था। अब इस निराशा को खत्म कर एक बार फिर हमें अपना व्यापार खड़ा करना है। उन्होंने सिरोंज के सभी व्यापार संघों की एकजुटता की वजह से पूर्व में हासिल हुई सफलताओं की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर किराना व्यापार संघ के अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि कोरोना काल के कारण दो साल से वार्षिक सम्मेलन नहीं हो पा रहा था। एक तरह से यह संघ का त्रैवार्षिक सम्मेलन है। उपाध्यक्ष मनोज साईंनाथ, भरत दीप मेहता, अवधेश नगीना तथा मंत्री सुनील जैन ने भी अपनी बात रखी।