MP में अब गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। हवाओं के पश्चिम की ओर चलने की वजह से मौसम लगातार गर्म हो रहा है। इस दौरान इंदौर में सोमवार की रात सबसे हॉट रही। यहां पारा 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं भोपाल में दिनभर गर्मी महसूस हुई, हालांकि रात ठंडी रही। हवाओं की दिशा बदलने से कई इलाकों में पारा जल्द ही 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 6 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि यह अलर्ट आज के लिए है। रात से फिर हवाओं की दिशाएं उत्तर-उत्तर-पूर्वी होने की संभावना है। ऐसे में गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। दिन का पारा 35 से 37 डिग्री तक रह सकता है। बीती रात प्रदेश के सभी इलाकों में पारा 14 डिग्री के ऊपर चला गया। इंदौर में रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पर पहुंच गया। भोपाल में भी यह 18 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
इन इलाकों में चल सकती है लू
ग्वालियर, सागर, गुना, राजगढ़, दमोह और छतरपुर में लू चलने की आशंका है। मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में रात में भी हल्की गर्मी हो सकती है। अभी बहुत ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना नहीं है। हवाओं की दिशाएं बदलने से रात का तापमान फिर कुछ कम हो सकता है। होली तक मौसम इसी तरह बना रहेगा और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
सीजन में पहली बार रात का पारा 14 के पार
प्रदेश में पहली बार रात का पारा 14 डिग्री के पार पहुंच गया। पचमढ़ी में यह सबसे कम 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा शेष सभी इलाकों में 14 डिग्री से ज्यादा दर्ज हुआ। ग्वालियर, गुना, भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, रीवा, सागर, सतना, और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री से 5 डिग्री तक ऊपर चढ़ गया।
यहां ज्यादा रहा रात का पारा
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
इंदौर | 20.1 |
सागर | 19.8 |
जबलपुर | 19.7 |
दमोह | 19.5 |
यहां रात का पारा कम रहा
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
पचमढ़ी | 13.4 |
मंडला | 14.0 |
नरसिंहपुर | 15.0 |
नौगांव | 15.0 |
चार प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
भोपाल | 18.1 |
ग्वालियर | 18.1 |
जबलपुर | 19.7 |
इंदौर | 20.1 |