Wednesday, September 24

यूक्रेन पर हमले का 14वां दिन LIVE:बाइडेन बोले, पुतिन कभी भी यूक्रेन नहीं जीत पाएंगे; रूस आज करेगा तीसरा सीज फायर

रूस और यूक्रेन की जंग का आज 14वां दिन है। जंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए रूस ने बुधवार को सीज फायर का ऐलान किया है। कीव, खार्किव, सुमी, ​​​​​​​मारियुपोल, चेर्नीहीव शहरों में युद्ध विराम रहेगा। वहीं, यूक्रेन ने कहा- रूस के सैनिकों ने 61 अस्पताल और मेडिकल इक्विपमेंट्स तबाह कर दिए हैं।

इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन यूक्रेन कभी जीत पाएंगे। क्योंकि रूसी आक्रमण में फंसे नागरिकों की दुर्दशा पर दुनियाभर में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। बाइडेन ने कहा- पुतिन एक शहर लेने में सक्षम हो सकते हैं, लेकिन वह कभी भी देश पर कब्जा नहीं कर पाएंगे।

इसी बीच पड़ोसी देशों में रिफ्यूजी संकट बढ़ गया है। लोग रोमानिया, पोलैंड, मोल्डोवा, स्लोवाकिया, हंगरी और बेलारूस में शरण ले रहे हैं। इन लोगों की आगे की राह मुश्किल दिख रही है। एक तरफ अमेरिका ने राज्य में आने वाले यूक्रेनियों को ‘टेंपरेरी प्रोटेक्टेड स्टेटस’ देने का फैसला किया है। वहीं, दूसरी ओर लोगों को ब्रिटेन जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ऊपर की तस्वीर देखकर समझा जा सकता है कि लोग पलायन करने को मजबूर हैं। इसी बीच पोलैंड ने अपने सभी मिग-29 फाइटर प्लेन यूक्रेन को देने का ऐलान किया है। हालांकि इस पर अमेरिका ने कहा है कि यह कदम चिंता पैदा करने वाला है और उचित नहीं है, इस पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं…

जंग के अहम अपडेट्स-

  • UN ने कहा- जंग में अब तक 474 लोगों की मौत हो गई है और 861 लोग घायल हैं।
  • अमेरिका ने रूस से तेल और गैस की आपूर्ति रोक दी है। इस वजह से अमेरिका में गैस के दाम काफी बढ़ गए हैं।
  • मेकडॉनल्ड्स ने रूस में अपने सभी रेस्त्रां अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। कंपनी के CEO क्रिस केम्पजिन्की ने एक पत्र में इसकी सूचना दी।
  • रूस ने 9 सितंबर 2022 तक फॉरेन करंसी की निकासी को 10 हजार डॉलर तक सीमित कर दिया है। रूसी केंद्रीय बैंक ने यह जानकारी दी।
  • अमेरिका ने कहा है कि चीन की कंपनियां जो रूस की मदद कर रही हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
  • इंटरनेशनल रेटिंग एजेंसी फिच ने रूसी करंसी की रेटिंग B से गिराकर C कर दी है।
  • यूरोपियन यूनियन ने यूक्रेन को 50 करोड़ डॉलर की मानवीय सहायता देने की घोषणा की है।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- पुतिन एक शहर जीत सकते हैं, पूरा देश नहीं।
  • ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि रूस, नागरिकों को निकालने के लिए इरपिन में बनाए गए इवैक्यूएशन कॉरिडोर को निशाना बना रहा है।
  • पुतिन ने विदेश व्यापार में रूस की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक आदेश (डिक्री) पर साइन किया है। इससे सरकार देश से एक्सपोर्ट और विदेशों से इम्पोर्ट पर प्रतिबंध लगा सकेगी।

 

इन्फोग्राफिक से समझिए कौन से देशों पर लगे हैं प्रतिबंध

रूस सबसे ज्यादा प्रतिबंध झेलने वाला देश बन गया है। सबसे पहले अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने रूस पर 22 फरवरी को प्रतिबंध लगाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22 फरवरी के पहले रूस के खिलाफ 2,754 प्रतिबंध लगे हुए थे और हमले के बाद 2,778 प्रतिबंध और लगा दिए गए। कुल मिलाकर 5,532 प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही रूस ने 3,616 प्रतिबंधों का सामना कर रहे ईरान को पीछे छोड़ दिया है।