Thursday, September 25

MP में 10 मार्च तक बारिश!:इंदौर, भोपाल में बादल छाए रहेंगे, जबलपुर-सागर-रीवा संभाग में कल से बरसात; फीकी पड़ सकती है गेहूं की चमक

मध्यप्रदेश में मौसम फिर बदल गया है। भोपाल, खंडवा और आसपास के इलाकों में सोमवार शाम हल्की से तेज बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के मुताबिक 10 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इंदौर और भोपाल में अभी बादल छाए रह सकते हैं। सागर, जबलपुर और रीवा संभागों में बुधवार से बारिश शुरू हो सकती है। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।

मौसम में बदलाव की वजह से प्रदेश के कुछ इलाकों में जहां बौछारें पड़ीं तो कहीं पारा चढ़ भी गया। सीजन में पहली बार रात का पारा नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में 21 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 20 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। सबसे कम खजुराहो में 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल लहलहा रही है। ज्यादा बारिश होने पर फसल के खराब होने का भी खतरा है। सोमवार शाम हुई बारिश से खेतों में खड़ी फसल बिछ गई। मौसम साफ नहीं रहा और बारिश होती रही तो गेहूं के दाने काले पड़ जाएंगे।

इन शहरों में बारिश हुई
सोमवार शाम भोपाल में 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। भोपाल शहर में करीब डेढ़ मिमी पानी गिर गया। बैरागढ़ में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खंडवा में सबसे ज्यादा 6 मिमी पानी गिरा। खरगोन, रतलाम, नर्मदापुरम, उज्जैन, सीहोर, धार, बड़वानी, इंदौर और हरदा समेत कई इलाकों में भी बारिश हुई है। बादल छाने से रात के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।

यहां बरस सकते हैं बादल
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि तीन दिन तक इसी तरह हल्की बारिश प्रदेश में होती रहेगी। नए सिस्टम के कारण अब पश्चिमी मध्यप्रदेश यानी जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभागों में बुधवार से बारिश होने की संभावना बन गई है। तीन दिन तक इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन और रात का तापमान भी गिर सकता है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभागों में मंगलवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा शेष इलाकों में इसका असर नहीं रहेगा।

रात का पारा चढ़ा
प्रदेश भर में अचानक बादल छाने के कारण दिन का पारा तो ज्यादा नहीं चढ़ सका, लेकिन रात का पारा चढ़ गया। कई इलाकों में तो यह सामान्य से 5 डिग्री तक ऊपर चला गया। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान जबलपुर, सागर, सिवनी, बैतूल, भोपाल, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, राजगढ़, शाजापुर और उज्जैन में 17 डिग्री से 21 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। खजुराहो में सबसे कम 11 डिग्री रहा।

यहां रात का पारा कम रहा

शहर तापमान
खजुराहो 11.2
नौगांव 12.0
पचमढ़ी 12.5
मंडला 12.5 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)

यहां रात का पारा ज्यादा रहा

शहर तापमान
नर्मदापुरम 21.5
इंदौर 20.2
राजगढ़ 19.2
शाजापुर 18.9 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)

चार प्रमुख शहरों का रात का पारा

शहर तापमान
ग्वालियर 12.5
जबलपुर 16.3
भोपाल 17.6
इंदौर 20.2 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)