पक्षी संरक्षण समिति गौरैया के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अभियान चलाएगी। समिति अध्यक्ष शालिनी विकास यादव ने बताया कि अब तक संस्था गौरैया संरक्षण के लिए अभियान चला रही है लेकिन इसके साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने के लिए भी जन जागरण प्रारंभ कर रही है।
इस अभियान का प्रारंभ गायत्री प्रज्ञा पीठ के ट्रस्ट अध्यक्ष एडवोकेट श्यामसुंदर माथुर को महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में बेलपत्र का पौधा सौंप कर किया। समिति के अघनसिंह यादव ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा और सौंपे जाएंगे जो वेद पुराण के मान से पवित्र हों और लोगों को अधिक से अधिक ऑक्सीजन उपलब्ध कराते हो। पक्षी संरक्षण समिति की स्थापना विकास यादव द्वारा की गई थी।
गौरैया बचाने के लिए प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी अभियान चला रहे थे। कोरोना संक्रमण के दौरान उनकी मृत्यु होने के बाद इस अभियान को सतत जारी रखने का संकल्प उनकी पत्नी शालिनी यादव ने लिया है जो लगातार गौरैया संरक्षण के साथ ही अब पर्यावरण पर भी अभियान चला रही हैं।