Tuesday, September 23

वेदर अपडेट:फरवरी की विदाई बादल-बूंदाबांदी से; 2-3 डिग्री गिर सकता है दिन-रात का तापमान

पिछले 2 दिन से भले ही थोड़ी गर्मी महसूस हो रही हो, लेकिन फरवरी की विदाई बादल और बूंदाबांदी से होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27-28 फरवरी को शहर में मौसम बदल सकता है। बादल और बूंदाबांदी से दिन का तापमान 2 या 3 डिग्री कम हो सकता है। इसके एक-दो दिन बाद फिर रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि हिमालय रीजन के पश्चिमी हिस्से में 25 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है। इसका असर भोपाल सहित प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में हो सकता है। अभी मध्य प्रदेश से टर्फ लाइन भी गुजर रही है। राजस्थान में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण यदि हवा का रुख बदला तो हमारे यहां तापमान गिर सकता है।

दिन में पारा 32 डिग्री पर पहुंचा और रात में 15 डिग्री पर

बुधवार को दिन का तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार के मुकाबले इसमें 0.4 डिग्री की गिरावट हुई। धूप में तीखापन होने के बावजूद मंगलवार के मुकाबले बुधवार को दिन में पारे की चाल भी धीमी थी। हवा का रुख दक्षिणी रहा। रात का तापमान भी 15 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में इसमें 1.6 डिग्री का इजाफा हुआ। इसके बावजूद रात में हल्की ठंडक बरकरार रही।