- ब्रिटेन राज-घराने के प्रिंस चार्ल्स दूसरी बार कोरोना संक्रमित, सेल्फ आइसोलेशन में
- स्पेन सरकार ने आउटडोर में मास्क लगाने की अनिवार्यता खत्म की
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 56,017 नए केस मिले, 1.49 लाख मरीज ठीक हुए, जबकि 656 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई। बुधवार के मुकाबले नए मामलों में 9 हजार से ज्यादा की गिरावट हुई है। बुधवार को संक्रमण के 65,158 नए केस सामने आए थे।
संक्रमण के मामले तीसरी लहर की शुरुआत जैसे दर्ज हो रहे हैं। 4 जनवरी को 58,097 केस दर्ज हुए थे। इसके बाद लगातार रोजाना के केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। 20 जनवरी को पीक पर 3 लाख 47 हजार 254 केस दर्ज हुए थे। उसके बाद से मामलों में गिरावट दर्ज हो रही है।
सबसे ज्यादा एक्टिव केस केरल में
देश में इस समय एक्टिव केस 6.88 लाख हैं। इनमें से 71% मामले सिर्फ 5 राज्यों में हैं। ये राज्य हैं- केरल (2.32 लाख), महाराष्ट्र (70.1 हजार), तमिलनाडु (66.9 हजार), कर्नाटक (52 हजार), आंध्र प्रदेश (40.8 हजार) और मध्यप्रदेश (29.5 हजार)।
14 दिन में सबसे कम मौतें दर्ज हुईं
गुरुवार को 656 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई। मौतों का यह आंकड़ा 14 दिन बाद सबसे कम है। इससे पहले 29 जनवरी को 627 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इसके बाद से मृतकों का आंकड़ा 1,000 से ज्यादा दर्ज किया जाने लगा था। देश में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 4.24 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। फिलहाल 7.81 लाख लोग कोरोना का इलाज कर रहे हैं।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल कोरोना केस: 4.25 करोड़
कुल रिकवरी: 4.13 करोड़
कुल मौतें: 5.07 लाख
विदेशी यात्रियों के लिए नियमों में बदलाव, अब RT-PCR या क्वारैंटाइन की जरूरत नहीं
केंद्र सरकार ने गुरुवार को विदेशी यात्रियों के लिए देश में एंट्री लेने के नियमों में बदलाव किया है। सरकार ने ‘एट रिस्क’ देशों कैटेगरी को खत्म कर दिया है। नए नियमों के मुताबिक, अब यात्रियों को भारत आकर कोई टेस्ट नहीं कराना होगा, न तो उन्हें क्वारैंटाइन होना होगा। नई गाइडलाइन 14 फरवरी से लागू हो जाएगी।
विदेशी यात्रियों को सिर्फ एक सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरना होगा, जिसमें उन्हें 14 दिन की ट्रैवल हिस्ट्री बतानी होगी और यात्रा से 72 घंटे के अंदर किए गए RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट जमा करनी हाेगी। यह फॉर्म एयर सुविधा पोर्टल पर उपलब्ध होगा।
यह नियम सिर्फ उन 72 देशों के यात्रियों के लिए लागू होंगे जिनके वैक्सीनेशन प्रोग्राम को भारत सरकार ने मान्यता दी है। इन देशों में कनाडा, हॉन्ग-कॉन्ग, अमेरिका, ब्रिटेन, बाहरीन, कतर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और कुछ यूरोपीय देश शामिल हैं।
वर्ल्ड कोरोना अपडेट्स
- जापान ने फाइजर की वैक्सीन को अप्रूवल दिया: ओमिक्रॉन के तेजी से बढ़ते संक्रमण के बीच जापान ने अमेरिकी वैक्सीन निर्माता कंपनी फाइजर की वैक्सीन को फास्ट-ट्रैक अप्रूवल दे दिया है। कंपनी ने मिड-जनवरी में अप्रूवल के लिए अप्लाई किया था, जिसे एक महीने से कम समय में स्वीकार कर लिया गया।
- ब्रिटेन राजघराने के प्रिंस चार्ल्स कोरोना संक्रमित: ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस चार्ल्स कोरोना संक्रमित हो गए हैं और सेल्फ-आइसोलेशन में हैं। 73 साल के प्रिंस चार्ल्स दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। इसे पहले वे 2020 में संक्रमित हुए थे।
- 12-17 साल के बच्चों को लगेगी नोवावैक्स: अमेरिकी कंपनी नोवावैक्स ने गुरुवार को ऐलान किया कि 12 से 17 साल के बच्चों को लगाए जाने के लिए उसकी वैक्सीन ट्रायल में सुरक्षित और प्रभावी रही है। 2,247 अमेरिकी बच्चों पर की गई स्टडी में सामने आया कि 12 से 17 साल के बच्चों को वैक्सीन के दो डोज देने से कोरोना संक्रमण रोकने में 80% मदद मिलती है।
- स्पेन में घर से बाहर मास्क लगाना अब जरूरी नहीं: स्पेन सरकार ने घर से बाहर मास्क लगाने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। अब सिर्फ उन जगहों पर मास्क लगाना जरूरी होगा जहां भीड़ में लोग जुटते हैं और यहां सोशल डिस्टेंसिंग कर पाना मुमकिन नहीं है।
- न्यूजीलैंड में एंटी-वैक्सीन प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प: न्यूजीलैंड में वैक्सीन के विरोध में संसद के सामने प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने बलपूर्वक हटाने की कोशिश की। इसके लिए पुलिस 150 अतिरिक्त अफसरों के साथ ससंद पहुंची। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई, जिसके बाद 120 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
कोरोना प्रभावित प्रमुख राज्यों के हाल
1. केरल: नए केस में 4 हजार की कमी
यहां गुरुवार को 18,420 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 43,286 मरीज ठीक हुए हैं और 341 लोगों की मौत हुई। बुधवार को 23,253 नए संक्रमित मिले, जबकि 46,393 मरीज ठीक हुए हैं और 277 लोगों की मौत हुई।
महामारी की शुरुआत से अब तक यहां कुल 63.65 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 60.70 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 61,134 लोगों की मौत हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट 22.31% है। एक दिन पहले पॉजिटिविटी रेट 30.86% था।
2. महाराष्ट्र: मौतों का आंकड़ा आधे से कम हुआ
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,248 नए केस मिले हैं। इस दौरान 45 लोगों की मौत हुई और 18,942 लोग ठीक हुए। इससे एक दिन पहले बुधवार को कोरोना के 7,142 नए केस मिले थे। इस दौरान 92 लोगों की मौत हुई और 20,222 लोग ठीक हुए थे।
महामारी की शुरुआत से अब तक यहां कुल 78.29 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 76.12 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 143,292 लोगों की मौत हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट 4.63% है, इससे एक दिन पहले पॉजिटिविटी रेट 5.37% था।
3. मध्य प्रदेश: नए केस घटे और 6 की मौत
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 2,742 केस सामने आए और 6,555 लोग ठीक हुए। इस दौरान 6 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले बुधवार को 3,226 केस सामने आए और 6,980 लोग ठीक हुए। इस दौरान 5 लोगों की मौत हुई।
अब तक राज्य में 10.18 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,679 लोगों की मौत हुई। 29,565 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 3.68% है, जो एक दिन पहले 4.68% था।
4. गुजरात: नए केस से करीब चार गुना ज्यादा ठीक हुए
गुजरात में गुरुवार को 2,275 नए केस मिले। 8,172 लोगों ने कोरोना को मात दी, जबकि 21 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले बुधवार को 2,056 नए कोरोना केस आए। 5,155 लोग ठीक हुए और 16 लोगों की मौत हुई।
अब तक राज्य में कुल 12.10 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 11.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,761 लोगों की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस 21,437 और पॉजिटिविटी रेट 2.36% है।
5. उत्तर प्रदेश: नए केस में करीब 1,400 की गिरावट
यहां बीते 24 घंटे में 2,321 नए कोरोना केस आए। 4,357 लोग ठीक हुए और 13 लोगों की मौत हुई। इससे पहले बुधवार को 3,728 केस सामने आए और 7,177 लोग ठीक हुए। इस दौरान 17 लोगों की मौत हुई।
अब तक राज्य में 20.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 20.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,372 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 18,016 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.18% है।
6. राजस्थान: नए केस बीते दिन के मुकाबले कम हुए
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 3,479 केस सामने आए और 7,354 लोग ठीक हुए। इस दौरान 16 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले, यानी बुधवार को 3,728 केस सामने आए और 7,177 लोग ठीक हुए। इस दौरान 17 लोगों की मौत हो गई।
अब तक राज्य में 12.50 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.04 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,407 लोगों की मौत हो गई। 37,278 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 6.98% के करीब है।
7. दिल्ली: नए केस में लगातार गिरावट
दिल्ली में सोमवार को 1,114 नए कोरोना केस सामने आए और 12 लोगों की मौत हुई। 2,079 लोग ठीक हुए। इससे एक दिन पहले 1,317 नए कोरोना केस सामने आए और 13 लोगों की मौत हुई। 1,908 लोग ठीक हुए।
अब तक राज्य में 18.46 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 18.13 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 26,010 की मौत हो गई। 15 जनवरी को दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 30% था, जो लगातार कम होते हुए 3% से नीचे आ गया है।
8. पंजाब: राज्य में 7,451 एक्टिव केस
पंजाब में बीते दिन 489 नए संक्रमित मिले हैं और 26 लोगों ने दम तोड़ दिया। 1,762 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। इससे एक दिन पहले 665 नए संक्रमित मिले हैं और 29 लोगों ने दम तोड़ दिया। 1,471 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए
अब तक राज्य में 7.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.28 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,495 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल एक्टिव केस 7,451 हैं। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 1.99% है।