Wednesday, September 24

MP में सर्द हवाओं से लुढ़केगा पारा:धूप में चमक तो रहेगी, लेकिन ठंडक बनी रहेगी; जबलपुर समेत 15 जिलों में हो सकती है बारिश

उत्तरप्रदेश में बारिश और वहां से आ रही सर्द हवाओं ने मध्यप्रदेश में बढ़ते पारे पर ब्रेक लगा दिया है। दिन में धूप में चमक तो है, लेकिन सर्द हवाओं से तापमान में ठंडक बनी हुई है। हालांकि रात का पारा चढ़ा है। भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इस सीजन में पहली बार पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश भर में रात का पारा 10 डिग्री के ऊपर पहुंचा है।

मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि जबलपुर, नरसिंहपुर, खजुराहो, सतना और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हुई। अगले 24 घंटों के दौरान नरसिंहपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, मंडला, बांधवगढ़, अनूपपुर, अमरकंटक, जबलपुर और डिंडोरी में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

सिस्टम का ज्यादा असर नहीं
मंगलवार से पाकिस्तान से हवाएं आने लगी हैं। इसके अलावा राजस्थान में एक सिस्टम बना हुआ है। इसके कारण उत्तरप्रदेश और राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो रही है। इसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ा है। दिन में ठंड बढ़ी है। अगले दो-तीन दिन इसी तरह दिन का तापमान कम-ज्यादा होता रहेगा। रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठंडक बनी रहेगी।

यह सिस्टम एक्टिव
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (WD) एक चक्रवातीय गतिविधियों के रूप में ट्रफ के साथ सक्रिय है। इसके प्रभाव में उत्तरी राजस्थान में चक्रवातीय गतिविधियां भी बन गई हैं। पश्चिमी असम और कोमरीन सागर के ऊपर भी चक्रवात सक्रिय हैं। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आने वाली हवाएं) है। तेज हवाओं के कारण ठंड हो रही है।

सिर्फ पचमढ़ी में पारा 10 के नीचे
प्रदेश भर में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया है। सिर्फ पचमढ़ी में तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन के दौरान रात का पारा सबसे ज्यादा साढ़े 6 डिग्री सेल्सियस चढ़ा है। भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रीवा, सतना, सीधी और उमरिया में रात का पारा 3 डिग्री से ज्यादा चढ़ गया। ग्वालियर और इंदौर में भी रात का पारा सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा।

यहां रात का पारा 10 और इससे कम रहा

शहर तापमान
पचमढ़ी 9.5
खजुराहो 10.4
नौगांव 10.5
दतिया 10.5 (डिग्री सेल्सियस में)

यहां रात का पारा 10 से ऊपर रहा

शहर तापमान
सागर 15.1
जबलपुर 15.0
भोपाल 14.6
बैतूल 14.5 (डिग्री सेल्सियस में)

प्रदेश के चार प्रमुख शहरों की स्थिति

शहर तापमान
ग्वालियर 10.5
इंदौर 13.6
जबलपुर 14.0
भोपाल 14.6 (डिग्री सेल्सियस में)