Monday, September 29

विदिशा में टीकाकरण अभियान:जिला शिक्षा अधिकारी बोले- वर्ग विशेष के लोग अभियान का कर रहे बहिष्कार, समझाने भी गया लेकिन वे नहीं माने

विदिशा में टीकाकरण के लिए लगभग 71,000 बच्चे शासन ने चिन्हित किए थे। यह बच्चे प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में अध्यनरत हैं। अभियान के चलते सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बच्चों का टीकाकरण चल रहा है। लेकिन एक विशेष वर्ग के बच्चे टीकाकरण अभियान में बिल्कुल रुचि नहीं ले रहे हैं।

टीकाकरण के नाम पर कुछ लोग बीमारी का बहाना बना रहे तो कुछ स्कूल ही नहीं जा रहे। जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य शिक्षक और सरकारी महकमा बच्चों और उनके परिजनों को कई बार समझा चुका है। लेकिन बच्चे मानने के लिए तैयार नहीं है। ना ही टीकाकरण करा रहे हैं। इसी वजह से विभाग का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।

सिरोंज और लटेरी में परेशानी
सिरोंज में समुदाय विशेष के किसी भी बच्चे ने टीका नहीं कराया। उन्होंने टीकाकरण अभियान का बहिष्कार कर दिया। वहीं विदिशा के सतपाड़ा (अहमदपुर), करारिया (अहमदपुर), शेरपुर (देवखजुरी) गांव के अलावा कुरवाई के गांव में भी यही स्थिति है। टीका लगाने के लिए इन गांव में गए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भी उल्टे पैर लौटना पड़ रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी भी गांव में गए और उन्होंने समुदाय के लोगों को काफी समझाइश दी। बावजूद इसके हल नहीं निकल सका। और अधिकारी भी खाली हाथ घर से लौट आए।

मैं भी समझाइश दिया, लेकिन वे नहीं माने
जिला शिक्षा अधिकारी अतुल मुदगल का कहना है कि स्कूलों में टीकाकरण अभियान चल रहा है। कुछ जगह बच्चों का टीकाकारण हो गया है। लेकिन कुछ जगहों पर समुदाय विशेष के लोग टीकाकरण का बाहिष्कार कर रहे हैं। उन्हें समझाइश देने एक बार मैं भी गया था। बावजूद इसके वे नहीं माने और टीका लगवाने से मना करते रहे।