आगामी 24 घंटे बाद उत्तर और उत्तर-पूर्व से आने वाली ठंडी हवाओं पर ब्रेक लगेगा। इससे शीतलहर का असर कम होगा और लोगों को तेज ठंड से भी राहत मिलेगी। हवाओं की दिशा भी बदल जाएगी। शुक्रवार को रात का न्यूनतम तापमान 3.1 और दिन का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस संबंध में और जानकारी देते हुए कृषि महाविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा.एसएस तोमर ने बताया कि आगामी 24 घंटे बाद उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का असर कम हो जाएगा। शीतलहर भी नहीं चलेगी। आसमान साफ होने से दिन में तेज धूप निकलेगी।
अभी हवाओं की दिशा उत्तर और उत्तर-पूर्व से चल रही है। इन हवाओं की दिशा में भी परिवर्तन होगा। 2 दिन बाद हवाओं की दिशा दक्षिण और दक्षिण-पूर्व से होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी। डा.तोमर ने बताया कि यह मौसम रबी फसलों की ग्रोथ के लिए काफी अनुकूल है।
7 दिन से 10 डिग्री से नीचे है रात का तापमान
बेमौसम बारिश और उत्तर में हुई बर्फबारी के चलते पिछले 7 दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। गुरुवार की रात विदिशा का न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लगातार 7 दिन तक न्यूनतम तापमान यदि 6 डिग्री से नीचे रहता है तो फसलों की ग्रोथ पर विपरीत असर होता है। फसलों में पाला और तुषार जैसी स्थिति हो जाती है। इसलिए यदि आसमान जल्द साफ होगा तो रबी फसलों को पर्याप्त धूप मिलने लगेगी।