अन्नादाता की फसलों पर बीते साल से हर मौसम में प्राकृतिक प्रकोप से 20 फीसदी से अधिक की क्षति हो रही है। पहले से ही फसलों में कीड़ों का प्रकोप है। किसानों को फसलों में पाला लगने का डर सता रहा है। कुछ दिनों से क्षेत्र में बादल छाए रहने और कोहरे के चलते मौसम में बदलाव हुआ है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से नीचे रहा। सुबह फसलों पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमी दिखाई दीं। फसलों पर कोहरे की चादर देख किसान पाले की आशंका जता रहे हैं।
मौसम विभाग ने पाला लगने की आशंका जताई
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. स्वप्निल दुबे ने बताया कि हिमाचल और जम्मू कश्मीर की पहाड़ियों में हो रही बर्फबारी के चलते मध्य उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिसका असर मध्यप्रदेश में भी पड़ने लगा है। अंचल का तापमान भी कम होने की संभावना जताई थी। जिससे पाला की आशंका बनी हुई है। अगर तापमान 5 डिग्री से कम होता है तो पाला लगने की संभावना अधिक हो जाएगी।