Wednesday, September 24

उत्तर की बर्फीली हवा का असर:जनवरी में रात के साथ दिन में भी ठंड, दिन का पारा लुढ़ककर फिर 20.5 डिग्री पर, धूप निकली पर असर नहीं

जिले में ठंड और बढ़ गई। विदिशा में दिन का तापमान लुढ़ककर फिर 20.5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। दिनभर छाए कुहासे ने सूरज की किरणों को ठंडक पर हावी नहीं होने दिया। ऊपर से उत्तर की बर्फीली हवा ने ठंडक और इजाफा कर दिया। दिन के तापमान में गुरुवार के मुकाबले इसमें 2 डिग्री की गिरावट हुई। पिछले चार दिन लगातार कोल्ड डे रहा।

मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर ने बताया कि दिन में धूप निकलने के बावजूद तापमान नहीं बढ़ सका। हवा का रुख उत्तरी ही बना हुआ है। रात का तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें 5.0 डिग्री का इजाफा हुआ। इसके बावजूद यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। एसएस तोमर ने बताया कि जनवरी में ठंड का ट्रेंड बदलने लगा है। रात के साथ दिन भी ठंडे होने लगे हैं। पिछले 1 हफ्ते से दिन का तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। आगे भी यह सिलसिला बरकरार रह सकता है।

5 साल बाद बने ऐसे हालात
सीहोर कृषि कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर के मुताबिक राजधानी में 5 साल बाद संक्रांति पर दिन और रात ठंडे रह सकते हैं। 2017 में संक्रांति पर दिन और रात दोनों ठंडे थे। तब दिन का तापमान 22.4 और रात का तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया था। ट्रेंड के मुताबिक मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रह सकता है।

दिनभर ऐसी रही पारे की चाल
सुबह 5:30- 9.5
सुबह 8:30-10.0
सुबह 11: 30-15.4
दोपहर 2:30 बजे-19.5
दोपहर 3:30 बजे 20.5
शाम 5:30 बजे -17.4

आगे क्या: 16 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे 15 से न्यूनतम तापमान में बढ़त की संभावना है।