दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोरोना हो गया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। संक्रमण का पता चलने पर उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। अरविंद केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को केजरीवाल ने देहरादून में रैली की थी। इस दौरान उन्होंने मास्क नहीं पहना था।
केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा कि उन्हें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं और फिलहाल वे घर में ही क्वारैंटाइन हो गए हैं। केजरीवाल ने अपने संपर्क में आने वाले लोगों से जांच कराने की अपील की है।
कोरोना अपडेट्स
- महाराष्ट्र में भिवंडी के एक आश्रम स्कूल के 28 छात्रों और 2 स्टाफ सहित 30 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
- छत्तीसगढ़ में बस्तर के चिंतागुफा के CRPF कैंप में 38 जवानों की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। सभी जवानों को बैरक में ही क्वारैंटाइन किया गया है।
- तिहाड़ के विभिन्न जेलों में दो कैदी और 6 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले जुलाई 2021 में यहां संक्रमण के केस मिले थे।
- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उनके परिवार का एक सदस्य और एक स्टाफ कोरोना संक्रमित मिला है।
- केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्हें कौशांबी स्थित यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पिछले 24 घंटे में देश में 35 हजार से ज्यादा केस मिले, 121 की मौत; एक महीने में 4 गुना रफ्तार से बढ़ा संक्रमण
देश में महामारी की रफ्तार चार गुना तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को एक बार फिर देश में 35,438 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। पिछले साल 1 दिसंबर को देश में संक्रमितों का आंकड़ा 9765 के करीब था। ऐसे में पिछले एक महीने में ही संक्रमण में 4 गुना उछाल दर्ज किया गया। हालांकि, इस दौरान केस कम भी हुए हैं।
साप्ताहिक वृद्धि की बात करें तो 12 दिसंबर को संक्रमितों का आंकड़ा घटकर 5784 के करीब पहुंच गया। वहीं 19 दिसंबर को देश में 5326 केस दर्ज किए गए। 26 दिसंबर की बात करें तो इस दिन देशभर में 6,358 पॉजिटिव मिले थे। इसके एक हफ्ते बाद, यानी 2 जनवरी को 33,750 केस मिले। कुल मिलाकर पिछले हफ्ते की तुलना में अचानक से संक्रमण के मामले 5 गुना तेजी से बढ़े हैं।
MP में कोरोना की तेज रफ्तार; इंदौर में 1 महीने में तीसरी मौत, दतिया कलेक्टर भी पॉजिटिव
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा 137 नए संक्रमित इंदौर में ही मिले हैं। यहां 1 मरीज की मौत भी हो गई है। दिसंबर में भी दो मौतें हो चुकी हैं। संक्रमण दर बढ़कर 1.85 हो गई है। नए संक्रमितों में 69 भोपाल के हैं। दतिया कलेक्टर संजय कुमार, उनकी पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्य भी पॉजिटिव हो गए हैं। कलेक्टर की बेटी दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटी थी।
1. महाराष्ट्र
यहां सोमवार को 12,160 लोग संक्रमित पाए गए। 1748 लोग ठीक हुए और 11 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 67.12 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 65.14 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.41 लोगों की मौत हो गई। 52,422 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
2. पश्चिम बंगाल
यहां सोमवार को 6078 लोग संक्रमित पाए गए। 2917 लोग ठीक हुए और 13 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.55 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.15 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,794 लोगों की मौत हो गई। 20,186 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
3. दिल्ली
यहां सोमवार को 4099 लोग संक्रमित पाए गए। 1509 लोग ठीक हुए और एक मौत दर्ज की गई। अब तक राज्य में 14.58 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.22 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25 हजार 110 लोगों की मौत हो गई। 10,986 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. केरल
यहां सोमवार को 2560 लोग संक्रमित पाए गए। 2150 लोग ठीक हुए और 30 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 52.54 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 51.86 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 48,184 लोगों की मौत हो गई। 19,359 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
5. तमिलनाडु
यहां सोमवार को 1728 लोग संक्रमित पाए गए। 662 लोग ठीक हुए और 6 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 27.52 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.05 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,796 लोगों की मौत हो गई। 10,364 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।