तेलंगाना सरकार ने सभी प्रकार की रैलियों, सार्वजनिक सभाओं और सामूहिक सभाओं पर रोक लगा दी है। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने पर 1,000 रुपए का जुर्माना सख्ती से लागू करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी में 13 स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रियासी जिले के DM ने बताया कि कोरोना केसेज मिलने के बाद कटरा में मौजूद यूनिवर्सिटी के काकरयाल कैंपस को बंद कर दिया गया है।
कोरोना से जुड़े अन्य अपडेट्स
- हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद और तीन अन्य जिलों में सिनेमा हॉल, खेल परिसर, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क बंद करने के आदेश दिए हैं। सरकारी और निजी कार्यालय 50% कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ कार्य करेंगे। यह पाबंदी 12 जनवरी तक लागू रहेगी।
- कर्नाटक के मंत्री बीसी नागेश कोरोना संक्रमित हो गए हैं। शनिवार को उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी। नागेश ने बताया कि मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और सभी प्रिकॉशन और दवाइयां ले रहा हूं।
दिल्ली में रोजाना कोविड केसेज में 50% का इजाफा: राजधानी में मई के बाद सबसे ज्यादा केस मिले
दिल्ली में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना मामलों में 50% का भारी इजाफा दर्ज किया गया। राजधानी में शनिवार को 2716 लोग संक्रमित पाए गए और एक मौत हुई। वहीं, कोविड पॉजिटिविटी रेट 3.64% दर्ज की गई। शनिवार का इजाफा 21 मई के बाद सबसे अधिक है। इस दिन 4.76 % पॉजिटिविटी रेट के साथ 3,009 मामले दर्ज किए गए थे और 252 मौतें हुई थीं।
शुक्रवार को 1,796 मामले और 1.73% पॉजिटिविटी रेट दर्ज की गई। वहीं, गुरुवार को 2.44% पॉजिटिविटी रेट के साथ 1,313 मामले दर्ज किए गए थे।
देश में पिछले 24 घंटे में 27,443 कोरोना पॉजिटिव मिले, 282 लोगों की जान गई; ओमिक्रॉन के 1596 केस सामने आए
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 27,443 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। आज 282 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9110 लोग ठीक हुए हैं। वहीं, एक्टिव पेशेंट्स की संख्या शनिवार देर रात तक 18051 थी। 94 नए ओमिक्रॉन संक्रमितों के साथ देश में शनिवार को नए वैरिएंट के पेशेंट्स की संख्या 1596 हो गई। इनमें से 576 ओमिक्रॉन पेशेंट्स ठीक हो चुके हैं, जबकि 1020 एक्टिव केस हैं।
पंजाब में ओमिक्रॉन का तीसरा मरीज मिला; टेस्टिंग बढ़ते ही कोरोना के 332 केस मिले
पंजाब में चुनाव से पहले कोरोना का खतरा बढ़ने लगा है। प्रदेश में ओमिक्रॉन का तीसरा मरीज मिला है। पंजाब में टेस्टिंग बढ़ाते ही कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को 24 घंटे में कोरोना के 332 केस सामने आए। इसके बाद पंजाब में कोरोना के एक्टिव केसेज की संख्या 1041 हो गई है। ऐसे में अब पंजाब में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा सताने लगा है।
5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
यहां शनिवार को 9170 लोग संक्रमित पाए गए। 1445 लोग ठीक हुए और 7 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 66.87 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 65.10 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,41,533 लोगों की मौत हो गई। 32 हजार 225 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
2. पश्चिम बंगाल
यहां शनिवार को 4512 लोग संक्रमित पाए गए। 1913 लोग ठीक हुए और 9 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.42 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,773 लोगों की मौत हो गई। 13,300 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
3. केरल
यहां शनिवार को 2435 लोग संक्रमित पाए गए। 2704 लोग ठीक हुए और 22 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 52.49 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 51.81 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 48,035 लोगों की मौत हो गई। 18,904 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. दिल्ली
यहां शनिवार को 2716 लोग संक्रमित पाए गए। 765 लोग ठीक हुए और एक मौत दर्ज की गई। अब तक राज्य में 14.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.19 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25 हजार 108 लोगों की मौत हो गई। 6360 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
5. तमिलनाडु
यहां शनिवार को 1489 लोग संक्रमित पाए गए। 611 लोग ठीक हुए और 8 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 27.49 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.04 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,784 लोगों की मौत हो गई। 8340 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।