यह देश गांधी के विचारधारा पर चलता है। यहां गोडसे की विचारधारा को लागू नहीं होने दिया जाएगा। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने विदिशा में कही। उन्होंने कहा – कालीचरण जैसे बाबाओं को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव शमशाबाद के महानीम चौराहे पर मीडिया से बात कर रहे थे।
राष्ट्र पिता महात्मा गांधी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले कालीचरण की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा- यह देश दो विचार धाराओं पर चल रहा है… हिंदुत्व और हिन्दूवादी। महात्मा गांधी पर जो बाबा ने टिप्पणी की वह अशोभनीय है। यह भाजपा और ऐसे संगठनों के चरित्र को उजागर करता है। यह देश गांधी की विचारधारा से चलने वाला देश है। यहां गोडसे की विचारधारा की काई जगह नहीं है। जो गोडसे की विचारधारा को थोपना चाहते हैं, वे कभी कामयाब नहीं होंगे। ऐसी कोशिश लगातार की जा रही है, लेकिन यह देश अहिंसाओं से चलने वाला देश है। इसे जाति, धर्म और विचार के नाम पर बांटने की कोशिश की जा रही है। हम गोडसे की विचारधारा को चलने नहीं देंगे। ऐसे बाबाओं पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसते हुए कहा कि हमें वे कानून नहीं सिखांए। हम भी थोड़ा कानून जानते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने कानून का पालन किया है।