देश में कोरोना का कहर जारी है। गुरुवार को करीब 16,700 मामले दर्ज किए गए। बुधवार को मिले 13,180 केस के मुकाबले गुरुवार को 27% ज्यादा मामले सामने आए। गुरुवार रात तक देश में 16,695 कोरोना केस सामने आए। पिछले 71 दिनों में यह एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले 20 अक्टूबर को 18,388 मामले मिले थे।
सोमवार से अब तक रोजाना के मामले 2.6 गुना बढ़ गए हैं। सोमवार को 6,242 इंफेक्शन रिकॉर्ड किए गए थे। मामलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और बेंगलुरु जैसी मेट्रो सिटीज में हो रही है। इसके अलावा केरल और पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़कर तकरीबन सभी राज्यों में केस में बढ़ोतरी हो रही है।
बिहार में कोरोना की तीसरी लहर शुरू, सरकार ने लोगों से कहा अलर्ट रहें
बिहार सरकार ने कहा है कि राज्य में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो गई है। सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है। राज्य में 159 दिन के बाद 1 दिन में 100 से अधिक नए मरीज मिले, जिनमें से अकेले पटना में 60 संक्रमित थे। राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला मरीज गुरुवार को मिला। संक्रमित होने वाला शख्स इंग्लैंड से आए भाई से मिलने के लिए दिल्ली गया था, जो संक्रमित है और दिल्ली में क्वारैंटाइन है।
संक्रमित 26 वर्षीय युवक किदवईपुरी के IAS कॉलोनी स्थित घर में होम आइसोलेशन में है। इसका सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए दिल्ली स्थित NCDC लैब भेजा गया था। गुरुवार को ओमिक्रॉन पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई। अब सुबह से कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू होगी। आज यानी शुक्रवार से ही ओमिक्रॉन मरीज के लिए अलग से सर्विलांस टीम का भी गठन किया जाएगा।
दिल्ली में एक दिन में 1000 से ज्यादा कोरोना केस
दिल्ली में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 1000 के आंकड़े को पार कर गई है। बीते 24 घंटों में राजधानी में 1313 कोरोना केस दर्ज किए गए हैं जो बुधवार की तुलना में करीब 42% ज्यादा हैं। दिल्ली में 26 मई के बाद एक दिन में आज सबसे ज्यादा नए मामले हैं।
इधर, महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गुरुवार को राज्य में कुल कोरोना केसेस 5,368 हो गए हैं। यह बुधवार के मामलों से 37% ज्यादा है। यहां 22 मौतें भी दर्ज की गई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा चिंता मुंबई में नए केसेज की रफ्तार को लेकर है। मुंबई में गुरुवार को कोरोना के 3,671 नए केस दर्ज किए गए। यहां अभी 11,360 एक्टिव केसेज हैं। वहीं एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में 18 मई के बाद सबसे ज्यादा 20 केस मिले हैं।
देश में ओमिक्रॉन से पहली मौत; भारत में अब नए वैरिएंट के 1000 केस
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के कारण देश में पहली मौत दर्ज की गई है। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ में 52 साल के मरीज की 28 दिसंबर को म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के अस्पताल में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। गुरुवार को उसके सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आई, जिसमें उसे ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया है। मृतक मरीज हाल ही में नाइजीरिया से लौटा था। उधर, देश में नए वैरिएंट के मामले 1000 के पार पहुंच गए हैं। अब देश में कुल 1200 ओमिक्रॉन संक्रमित मिल चुके हैं। गुरुवार को अकेले महाराष्ट्र में ही ओमिक्रॉन के 198 नए मामले मिले, जिससे यहां कुल केस बढ़कर 450 हो गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- बिहार में कोरोना के नए वैरिएंट की एंट्री हो चुकी है। राजधानी पटना के किदवईपुरी में 26 साल का शख्स ओमिक्रॉन संक्रमित मिला है।
- महाराष्ट्र के मंत्री बाला साहेब थोराट कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है।
- पश्चिम बंगाल में गंगा सागर मेले में शामिल होने के लिए दूसरे राज्यों से आने वालों का RT-PCR टेस्ट किया जाएगा।