Friday, September 26

शीतलहर:…और दिल- दिमाग; हार्टअटैक के 20 % बढ़े मामले

उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने से विदिशा में ठंड से मामूली राहत मिली है। इसके बाद भी मंगलवार को रात का पारा 3.5 डिग्री दर्ज हुआ है। इससे पहले रात का पारा सोमवार को 1.9 डिग्री दर्ज हुआ था। 24 घंटे में रात के पारे में मामूली बढ़त हुई है। विदिशा जिला अब भी शीतलहर की चपेट में है। सीहोर कृषि कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर ने बताया कि हवा का रुख उत्तर से अब पूर्व से दक्षिणी पूर्व हो गया है। इस वजह से दिन और रात के पारे में मामूली बढ़ोतरी हुई है।

ओपीडी 1 हजार से घटकर 500 हुई
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ संजय खरे ने बताया कि ठंड की वजह से ओपीडी में कमी आई है। पहले जहां रोजाना 1 हजार मरीज आ रहे थे। अब यह संख्या 500 पर आ गई। वहीं हार्टअटैक के मरीज पहले 2 से 3 आते थे। अब इनकी संख्या 4 से 5 हो गई है। हार्ट अटैक के मामलों में एक सप्ताह में 15 से 20 फीसदी की वृद्धि हुई है।

आगे क्या.. न्यू ईयर पर ज्यादा ठंड की संभावना कम
हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। अभी भी यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस से कम बने हुए हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो-तीन दिन तक तापमान कम-ज्यादा होता रहेगा। नए साल पर बहुत ज्यादा ठंड की संभावना कम है।