Tuesday, September 23

मौसम अपडेट:ठंड 10 दिन लेट, क्योंकि नमी 50 % से नीचे नहीं

चक्रवात से बादल छाए रहे, दिसंबर अंत तक रात का पारा 5 डिग्री तक नीचे आने की संभावना

दिसंबर का आधा महीना बीतने को है और अभी तक तेज ठंड ने अपना असर नहीं दिखाया है। न्यूनतम (रात का तापमान) अभी तक केवल दो ही बार 10 डिग्री से नीचे पहुंचा है। जबकि इन दिनों औसतन तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच पहुंच जाता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि न्यूनतम तापमान का ग्राफ वैसे तो 18 नवंबर के बाद से ही गिरना शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार इसका असर 29 नवंबर के बाद देखा गया है। इसके पीछे का कारण चक्रवात हैं, जिन्होंने मैदानी इलाकों से आने वाली ठंडी हवाओं को रोक दिया।

विशेषज्ञ इसका एक ओर कारण नमी के प्रतिशत का बढ़ा होना भी बता रहे हैं। दिसंबर में मौसम में शुष्कता होने की वजह से तापमान में 5 दिसंबर से ही गिरावट दर्ज होने लगी हैं, लेकिन इस बार शुरूआत में बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया से बादल छाए रहे, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट नहीं हो पाई है। दिसंबर के अंत तक तापमान में 5 डिग्री से नीचे जाने की संभावनाएं हैं।

वातावरण में 25% तक नमी ज्यादा है, जिसके चलते अभी तेज ठंड नहीं पड़ रही है। उत्तर से सर्द हवा आने के बावजूद नमी अभी भी 30% अधिक रह रही है। जबकि इन दिनों यह 40 फीसदी से कम होना चाहिए। मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर के मुताबिक सोमवार को भी दिन में नमी का प्रतिशत 57% रहा।

कड़ाके की ठंड के लिए यह जरूरी
कड़ाके की ठंड के लिए वातावरण में शुष्कता का होना जरूरी है। शुष्कता के लिए नमी कम होना आवश्यक है। बीच में बादलों की आवाजाही से नमी बनी रही। जिसमें शुष्कता नहीं हो सकी।

दिन: 25 .5 डिग्री तापमान रात: 11.5 डिग्री
शहर में रात के तापमान में उतार- चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है। रात का तापमान दूसरे दिन भी 11.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।

इसलिए नमी नहीं हो रही कम
शुरूआत में दो चक्रवाती तूफानों की वजह से 7 दिसंबर तक यह स्थिति बनी रही। हाल में ही उत्तर की बर्फबारी ने मौसम का मिजाज में ठंडक घोली है, लेकिन नमी के बढ़े रहने और साफ मौसम होने की वजह से तापमान में कमी नहीं हो पाई।