रात 2.36 बजे लटेरी थाने के चैनल गेट पर ताला था , 3.06 बजे बिना रोकटोक के मुरवास थाने में प्रवेश, 3.36 बजे सिरोंज थाने में जवान और हेड कांस्टेबल सोते मिले
सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र के तीनों थानों की हकीकत से रूबरू होने के लिए रात में ही अचानक निरीक्षण पर निकले विधायक उमाकांत शर्मा हालात देख कर खुद हैरान रह गए। रात 2 बजे से 4 बजे तीन थाना क्षेत्रों के हालातों को सुबह पांच बजे सोशल मीडिया एकाउंट पर डाला ओर एसपी डॉ मोनिका शुक्ला को पत्र लिखकर सुधार और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध भी किया। विधायक शर्मा ने सिरोंज और लटेरी क्षेत्र के थानों के संवेदनशील होने का हवाला देते हुए एसपी से यहां पर पर्याप्त स्टाफ सुनिश्चित करने की मांग की है।
सिरोंज में वर्तमान बल के अलावा 15 सिपाही, 2 एएसआई, 3 हेड कांस्टेबल, 2 एसआई और लटेरी थाना क्षेत्र भी वर्तमान बल के अलावा 10 सिपाही, 2 एएसआई, 1 एसआई और 2 हेड कांस्टेबल को पदस्थ करने की मांग की है। साथ ही विधायक ने सर्दी के मौसम में पुलिस जवानों के लिए पर्याप्त ऊनी वस्त्र उपलब्ध करवाने और रात्रि गश्त पाइंट पर शीत प्रकोप से बचने के लिए अलाव की व्यवस्था करने और जरूरी होने पर पुलिस को आवश्यक शस्त्र उपलब्ध करवाने का सुझाव भी दिया है। विधायक के निरीक्षण में सिरोंज के मुख्य बाजार की पुलिस चौकी पर 1 जवान, सर्राफा बाजार में 2 जवान, लटेरी में जानकी मंदिर रोड पर 2 जवान, सिरोंज-आनंदपुर चौराहे पर 2 जवान ड्यूटी पर तैनात मिले।
वाहनों की पूछताछ करने वाला कोई नहीं
2.02 बजे से 2.36 बजे तक… सिरोंज शहर के रात्रि गश्त पाइंट छतरी नाका पर रात 2.02 बजे पुलिस का कोई भी सिपाही मौजूद नहीं था। मुख्य सड़कों पर पुलिस नदारद थी। वाहन आ-जा रहे थे लेकिन कोई पूछताछ करने वाला नहीं था। ठीक आधे घंटे बाद रात 2.36 बजे लटेरी थाने के चैनल गेट पर ताला डला हुआ था। बहुत देर तक आवाज लगाने के बाद सिपाही राकेश बाहर निकले। वह भी बिना शस्त्र और यूनिफार्म के। उन्होंने वहां सो रहे एक हैड कांस्टेबल मुरारीलाल मीना को जगाया। सिरोंज रोड से लटेरी के मुख्य मार्ग से थाने के बीच तथा तहसील चौराहे पर कोई जवान मौजूद नहीं था। ।
आंखे मलते बिना शस्त्र के आया सिपाही
रात 3.06 बजे… . बिना रोक-टोक के मुरवास थाने में वाहन ने प्रवेश किया। पुराने थाने के पीछे स्थित नवीन भवन का चैनल बिना ताले के लगा हुआ था। चैनल खोल कर बार-बार चिल्लाने पर सिपाही जितेन्द्र यादव बिना यूनिफार्म और बिना शस्त्र के आंखे मलता हुआ आया। जिसने खुद के अलावा प्रधान आरक्षक संजय को ड्यूटी पर होना बताया। बुलाए जाने पर भी प्रधान आरक्षक वहां पर नहीं आए। कुछ देर बाद थाना प्रभारी वायएस परमार आए।
जिम्मेदार कमरे में सो रहे थे
रात 3.36 बजे… सिरोंज शहर में प्रवेश होते ही सिरोंज थाने में एंट्री की तो यहां भी चैनल बिना ताले के लगा हुआ था। भीतर जाने पर सिपाही बृजकिशोर बेंच पर सो रहा था। उठाने पर बताया कि प्रधान आरक्षक प्रेमनारायण जिम्मेदार अधिकारी हैं लेकिन वे भी कमरे में सो रहे थे।
चिंता… तिजोरी उठा कर ले जाने वाली वारदात भी हो चुकी
विधायक ने एसपी मोनिका शुक्ला को पत्र लिख कर सिरोंज, लटेरी और मुरवास में रात में आने-जाने वाहनों से जानकारी लेकर उनका रजिस्टर संधारित करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने उल्लेखित किया है कि सिरोंज में तिजोरी उठा कर ले जाने और डकैती की वारदात भी हो चुकी है। रात में ही तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध हो ऐसी व्यवस्था बनाना जरूरी है।
ताला नहीं लगा था सिर्फ चैनल बंद था: लटेरी टीआई मिश्रा
लटेरी टीआई उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि गेट पर ताला नहीं लगा था। रात में थाना परिसर में जानवर न घुस जाए इसलिए चैनल लगा कर रखते हैं। 4-5 पाइंट पर उन्हें जवान मिले हैं। जिसकी जानकारी विधायक खुद लिख कर ले गए हैं।