
मध्यप्रदेश में आज सुबह और शाम के समय हल्की ठंड रहेगी। प्रदेश में कई जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 25 से 28 के बीच बना रहेगा। सुबह करीब 8 बजे तक धुंध रहेगी। दिन में आसमान साफ और शुष्क बना रहेगा। भोपाल में रात का पारा 14 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में करीब 15 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया बन रहा है। इसका असर मध्यप्रदेश पर ज्यादा नहीं होगा, लेकिन 16 के बाद कहीं-कहीं हल्के बादल छाने की संभावना है।
ग्वालियर-दतिया सबसे ठंडे
ग्वालियर और दतिया में रात का पारा 10 डिग्री के नीचे आ गया। आज भी यहां न्यूनतम तापमान इसी तरह बना रहेगा। रायसेन और सीहोर में यह 10 डिग्री के आस-पास रहेगा। खंडवा में सबसे ज्यादा 17 और होशंगाबाद में रात का पारा 16 डिग्री से ज्यादा रहेगा। न्यूनतम तापमान की बात की जाए, तो प्रदेश भर में सामान्य से कम चल रहा है।
इस कारण ठंड नहीं बढ़ रही
मौसम वैज्ञानिक, पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में एक भी पश्चिमी विक्षोभ नहीं है। इस कारण हल्की ठंड है। अंतिम पश्चिमी विक्षोभ 3 नवंबर के आसपास आया था। उसके जाने के बाद कुछ ठंड बढ़ी थी, लेकिन उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने के कारण ठंडी जोर नहीं पकड़ पा रही है। अब एक निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बन रहा है। इसका सीधा असर मध्यप्रदेश पर नहीं है, लेकिन 16 के बाद हल्के बादल छा सकते हैं।
कल यहां सबसे ज्यादा ठंडी रातें
शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
दतिया | 9.1 | 26.8 |
ग्वालियर | 9.2 | 28.4 |
नौगांव | 10.0 | 25.2 |
रायसेन | 10.0 | 28.2 |
सीहोर | 10.0 | 28.0 |
कल चार प्रमुख शहरों के तापमान
शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
भोपाल | 14.1 | 28.0 |
ग्वालियर | 9.2 | 28.4 |
इंदौर | 15.3 | 28.5 |
जबलपुर | 14.2 | 27.5 |