Tuesday, September 23

विवेक बने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप टीम के कप्तान:ओलिंपिक में कांस्य पदक विजेता की टीम में थे; 13 नवंबर को मिलना है अर्जुन अवॉर्ड

टोक्यो ओलिंपिक के कांस्य विजेता हॉकी प्लेयर विवेक सागर को भारतीय टीम की कमान सौंपी है। जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2021 में विवेक सागर कप्तान की भूमिका निभाएंगे। उनके नेतृत्व में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम जूनियर विश्वकप भुवनेश्वर में खेलेगी। इधर, DSP विवेक सागर को खेल के क्षेत्र में मिलने वाला सर्वश्रेष्ठ अर्जुन अवॉर्ड भी 13 नवंबर को राष्ट्रपति द्वारा दिया जाएगा। हॉकी प्लेयर विवेक सागर ने एक सप्ताह में दो उपलब्धियां पाकर नर्मदांचल समेत मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।

उड़ीसा के भुवनेश्वर में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक जूनियर हॉकी वर्ल्ड खेला जाएगा। इंडिया की जूनियर हॉकी पुरुष टीम की घोषणा गुरुवार को हुई। इसमें मध्यप्रदेश के इटारसी के चांदौन गांव के बेटे DSP विवेक सागर प्रसाद कप्तानी करेंगे। 18 खिलाड़ियों का टीम में चयन हुआ है। टीम में मध्यप्रदेश से विवेक सागर एकमात्र खिलाड़ी हैं। विवेक सागर के नेतृत्व में टीम इंडिया हॉकी का विश्वकप खेलेगी।

पिछले एक महीने से बेंगलुरु में आयोजित कैंप में विश्वकप की तैयारी कर रहे हैं। उम्मीद है कि विवेक के नेतृत्व में टीम गोल्ड मेडल लेकर आएगी। जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन, सचिव कन्हैया गुरयानी व पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए जूनियर वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

जूनियर हॉकी टीम में यह खिलाड़ी हैं शामिल
18 सदस्यीय हॉकी टीम में विवेक सागर प्रसाद कप्तान रहेंगे। डिफेंडर संजय उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। शारदानंद तिवारी, प्रशांत चौहान, सुदीप चिरमाको, राहुल कुमार राजभर, मनिंदर सिंह, पवन, विष्णुकांत सिंह, अंकित पाल, उत्तम सिंह, सुनील जोजो, मनजीत, रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, अभिषेक लाकड़ा, यशदीप सिवाच, गुरमुख सिंह, अरिजीत सिंह हुंदल शामिल हैं।

अर्जुन अवॉर्ड लेने दिल्ली पहुंचे विवेक
खेल के क्षेत्र में मिलने वाला सर्वश्रेष्ठ अर्जुन अवॉर्ड 13 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा दिया जाएगा। अवॉर्ड से सम्मानित होने हॉकी प्लेयर विवेक सागर शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके बडे भाई विद्यासागर प्रसाद शुक्रवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।