Tuesday, September 23

बंगाल की तरह गोवा में भी जय श्रीराम:जो नारा सुनकर भड़की थीं ममता, उसी के बैनर उनके पहुंचने से पहले पूरे गोवा में लगे

इसी साल मार्च-अप्रैल में पश्चिम बंगाल में चुनाव थे, तब वहां BJP ने जय श्री राम का नारा दिया था। जहां भी ममता बनर्जी जाती थीं, वहां जय श्री राम के नारे लगाए जाते थे। कुछ मौके ऐसे भी रहे, जब ममता यह सुनकर गुस्से से लाल-पीली हो गईं। कई बार वो प्रोग्राम छोड़कर भी चली गईं।

अब कुछ ऐसा ही गोवा में देखने को मिला है। गुरुवार देर शाम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गोवा पहुंचीं। उनके पहुंचने से एक दिन पहले ही गोवा में बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं। इन पर भगवा रंग से जय श्री राम लिखा है। हालांकि यह बैनर किस ने लगाए, इसकी जानकारी नहीं है, क्योंकि इन पर न ही किसी पार्टी का सिम्बल है और न ही किसी नेता का नाम, फोटो है। सिर्फ बड़े अक्षरों में जय श्री राम लिखा है।

शाम 6 बजे के करीब ममता बनर्जी जब गोवा एयरपोर्ट पर पहुंचीं तो कुछ हिंदू संगठनों ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध भी किया, लेकिन इसमें भी कोई राजनीतिक दल शामिल नहीं था।

गोवा के सीनियर जर्नलिस्ट किशोर नाइक गांवकर के मुताबिक, जिस दिन से TMC और उनकी सहयोगी आईपैक ने गोवा में काम शुरू किया है, उसी दिन से एक नरेटिव जनरेट किया जा रहा है। इसमें ममता को हिंदू विरोधी और मुस्लिम समर्थक बताया जा रहा है। ये कहा जा रहा है कि, वे यहां आईं तो रोहिंग्या मुस्लिम भी यहां बस जाएंगे।

कुछ दिनों पहले गोवा में ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिन्होंने PM मोदी, अमित शाह और गोवा CM को ममता के पैरों के नीचे दिखाया गया था। इस बैनर-पोस्टर को BJP कार्यकर्ताओं ने उखाड़ फेंका था और इन पर कालिख पोती थी।

गोवा में क्यों पहुंची हैं ममता

ममता बनर्जी गोवा में दो दिन रहेंगी। यहां वे प्रबुद्ध वर्ग से मुलाकात करेंगी। कुछ इंस्टीट्यूशंस में भी विजिट कर सकती हैं। पहले ममता की विजिट के दौरान गोवा फॉरवर्ड पार्टी के तीन विधायक उनकी पार्टी ज्वॉइन करने वाले थे, लेकिन उनके आने के पहले ही गणित बदल गया। जो विधायक TMC ज्वॉइन करने वाले थे, अब वे कांग्रेस से गठबंधन की बात कर रहे हैं। ऐसे में TMC का ज्वॉइनिंग का मेगा इवेंट फेल हो गया। हालांकि एक इंडिपेंडेंट विधायक जरूर ममता की मौजूदगी में TMC ज्वॉइन करने वाले हैं।

गोवा में हिंदूओं के बाद सबसे ज्यादा क्रिश्चियन

गोवा में 65 परसेंट के करीब हिंदू आबादी है। इसके बाद 30 परसेंट क्रिश्चियन हैं। मुस्लिम पॉपुलेशन 5 परसेंट के आसपास है। ऐसे में यहां TMC के लिए पश्चिम बंगाल जैसी परिस्थितियां नहीं हैं। ​​​​​​

गांवकर कहते हैं, क्रिश्चियन पहले कांग्रेस का वोट बैंक हुआ करते थे, लेकिन मनोहर पर्रिकर ने इन्हें काफी हद तक तोड़ा और BJP में शामिल किया। 2017 में तो BJP के 7 विधायक क्रिश्चियन थे। ऐसे में अब यह कांग्रेस का ही वोट बैंक हैं, ऐसा कहना सही नहीं है।

हालांकि सभी पार्टियों की नजर क्रिश्चियन वोट बैंक पर है। TMC ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व CM रहे लुईजिन्हो फलेरियो को पार्टी में शामिल किया है। आम आदमी पार्टी के साथ ही BJP, कांग्रेस भी इस वोट बैंक को साधने की पूरी कोशिश कर रही है।