
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना हिटलर से की है। बुधवार को ट्वीट कर कहा कि चुनाव का आखरी समय आ गया है। भाजपाई कहेंगे हिंदू धर्म खतरे में है, उसे बचाने के लिए सभी भाजपा को वोट दें। यही हिटलर करता था और यही भाजपा करती है। इस पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खतरे में है। दिग्विजय सिंह अपना घर संभाले।
मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की वोटिंग में 30 अक्टूबर को होनी है। इसको लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं में बयानबाजी तेज हो गई है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में कहा है कि जिस तरह से हिटलर ने जर्मनी को बर्बाद किया। उसी तरह भाजपा भारत को बर्बाद कर रही है।
पूर्व सीएम के ट्वीट पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खतरे में है। हिंदू न खतरे में है, न था और न रहेगा। दिग्विजय सिंह जितनी खतरे में कांग्रेस है, उसकी चिंता करो। अपने घर को संभालो। अगली बरसात में यह दीवार भी ढह जाएगी।
आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन
बता दें एमपी में खंडवा लोकसभा सीट और पृथ्वीपुर, रैगांव, जोबट विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने सभी सीटों पर पूरा जोर लगा दिया है। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को वोटिंग और 2 नवंबर को मतगणना होनी है।