Wednesday, October 8

पुलिस स्‍मृति दिवस:राज्यपाल ने शहीद पुलिस जवानों को दी श्रद्धांजलि, बोले-समाज शहीदों के परिजन के साथ

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने शहीदों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ मध्यप्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन और पूरा समाज है। समाज में शांति सद्भाव और भाईचारे के वातावरण को मजबूत रखने से ही विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्व एवं राष्ट्र द्रोही ताकतों का पूरी कठोरता के साथ दमन करें। यह भी सुनिश्चित करें कि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। कभी किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं हो।

राज्यपाल पटेल गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश और प्रदेश के सभी शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ राजेश राजौरा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई। आयोजित परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अभिषेक तिवारी ने किया। परेड में महिला प्लाटून विशेष सशस्त्र बल एवं जिला बल की संयुक्त टुकड़ी, विशेष सशस्त्र बल की पुरूष प्लाटून, पुलिस बैंड प्लाटून और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल थी। राज्यपाल पटेल ने कहा कि पुलिस द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में महिला थाना तथा सात सौ महिला ऊर्जा डेस्‍क की स्‍थापना महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों में कमी लाएगी। मध्‍यप्रदेश में सीसीटीव्ही कैमरों की फीड संबंधित जिलों के कंट्रोल रूम एवं भोपाल स्थित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में देखी जा सकती है।

इस साल 15 जवानों ने दी शहादत
इस दौरान पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की अंखडता को चिरस्मरणीय बनाने का दिन है। उन्होंने शहीदो के बलिदान को नमन करते हुए बताया कि पुलिस शहीद दिवस लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को केन्द्रीय आरक्षी पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के 10 जवान चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उन्ही की स्मृति में देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हमारे प्रदेश पुलिस के 15 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है।

शहीद कर्मियों में उप निरीक्षक स्‍व. चंदन लाल उइके, उप निरीक्षक (अ . शरद अग्रवाल, सहायक उप निरीक्षक राजेन्‍द्र शर्मा, सहायक उप निरीक्षक रमेश मेहरा, सहायक उप निरीक्षक श्‍याम लाल डेहरिया, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक गोर्वधन सोलंकी, प्रधान आरक्षक रामप्रकाश, प्रधान आरक्षक सतेन्‍द्र अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक कलू तिवारी, प्रधान आरक्षक (रेडियो) दिनेश चंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक भरत लाल चौहान, आरक्षक दीपक राजुरकर, आरक्षक राज कुमार यादव, आरक्षक सुरेश मुडिया तथा आरक्षक (एमटी) राजेश कुमार राजपूत शामिल हैं।