
ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि महात्मा गांधी के बारे में कांग्रेस को मन से गलतफहमी निकाल देना चाहिए कि गांधी उनकी प्रॉपर्टी हैं। गांधीजी देश के हैं। उनके विचार जिसकी मर्जी हो, वह मान सकता है। यह कांग्रेस का दुर्भाग्य कि उन्होंने 50 साल तक देश में शासन किया। गांधी के विचारों और आत्मा को रौंदा है। BJP गांधी के सपनों और विचारों को साकार कर रही है।
शनिवार को ग्वालियर में तोमर ने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान वे चैंबर ऑफ कॉमर्स में बुद्धजन सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। इस दौरान मीडिया ने गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल किया। दरअसल में, गांधी जयंती को जब कांग्रेस और भाजपा नेता आमने-सामने आए, तो कांग्रेस का आरोप था कि भाजपा दोतरफा विचार रखती है।
मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह ही मुख्यमंत्री
प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने के सवाल पर तोमर सख्त तेवर में नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि देश के कई राज्यों में मुख्यमंत्री बदले जा रहे हैं, क्या मध्य प्रदेश में भी ऐसा कुछ है। इस पर तोमर का कहना था कि जहां बदलने थे बदल गए। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह ही मुख्यमंत्री हैं और वे यहां अच्छा काम कर रहे हैं।