
MP की राजधानी भोपाल में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 110.88 रुपये पहुंच गई है। 9 दिन के भीतर 1.25 रुपये बढ़े हैं। वहीं, डीजल के रेट 100 के करीब पहुंच चुके हैं। सोमवार को डीजल के भाव 99.73 रुपये प्रति लीटर है। मध्यप्रदेश में रीवा में पेट्रोल-डीजल सबसे महंगा है। अनूपपुर, शहडोल, बालाघाट और उमरिया में भी रेट काफी बढ़े हुए हैं।
प्रदेश में 26 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच 8 बार पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़े हैं। भले ही कीमत 15 पैसे से 49 पैसे तक बढ़ी हो, लेकिन 9 दिन में सवा से डेढ़ रुपये तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। धीरे-धीरे रेट बढ़ने का असर आमजन की जेब पर पड़ रहा है।
भोपाल में रिकॉर्ड 111 रुपये के पार पहुंचा, गिरावट होने से फिर कम हुआ
भोपाल में पेट्रोल और डीजल दोनों के ही रेट रिकॉर्ड पर पहुंच गए। 3 अक्टूबर को पेट्रोल 111.07 रुपये तक पहुंच गया था। वहीं, 1 लीटर डीजल के रेट 99.90 रुपये हो गए थे। हालांकि, 4 अक्टूबर को पेट्रोल पर 19 पैसे और डीजल पर 17 पैसे की गिरावट हो गई। इस कारण पेट्रोल 110.88 रुपये और डीजल 99.73 रुपये पर पहुंच गया। 9 दिन में रेट की बात करें तो 26 सितंबर को पेट्रोल 109.63 और डीजल 97.92 रुपये प्रति लीटर था, 4 अक्टूबर को पेट्रोल 110.88 रुपये और डीजल 99.73 रुपये पर पहुंच गया।
भोपाल में यह रेट
दिन | पेट्रोल | डीजल |
26 सितंबर | 109.63 | 97.92 |
27 सितंबर | 109.63 | 98.19 |
28 सितंबर | 109.85 | 98.45 |
29 सितंबर | 109.85 | 98.45 |
30 सितंबर | 110.11 | 98.77 |
1 अक्टूबर | 110.56 | 99.26 |
2 अक्टूबर | 110.63 | 99.41 |
3 अक्टूबर | 111.07 | 99.90 |
4 अक्टूबर | 110.88 | 99.73 |
रीवा में पेट्रोल की कीमत 114 रुपये के पार
मध्यप्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल के रेट काफी बढ़े हुए हैं। 20 जिले ऐसे हैं, जहां पर 1 लीटर पेट्रोल 112 रुपये से ज्यादा में मिल रहा है। वहीं, 37 जिलों में डीजल 100 रुपये के पार है। रीवा जिले में रेट सबसे ज्यादा है। 1 लीटर पेट्रोल 114.10 रुपये और डीजल 102.71 रुपये में मिल रहा है। शहडोल में पेट्रोल 113.74 क्टूरुपये, अनूपपुर में 113.63 रुपये, बालाघाट में 113.46 रुपये, उमरिया में 112.96 रुपये प्रतिलीटर मिल रहा है। इन जिलों में डीजल के भाव भी बढ़े हुए हैं।
भोपाल पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया, कच्चे तेल में वैश्विक स्तर पर बढ़ोतरी हो रही है। कुछ दिन में ही 8 डॉलर तक महंगा हुआ है। इस कारण पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ रहे हैं। यदि सरकार टैक्स कम लें तो आमजनों को थोड़ी राहत मिल सकती है।