
पूरे प्रदेश में डेंगू मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। प्रदेश में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या अब 4919 हो गई है। इनमें 28 प्रतिशत मरीज बच्चे हैं, जिनकी उम्र 14 साल से कम है। डेंगू संक्रमित सबसे ज्यादा बच्चे भोपाल में मिले हैं। यहां डेंगू पॉजिटिव मिले 390 मरीजों में से 51 प्रतिशत (200 मरीज) बच्चे हैं।
जबकि इंदौर में 95 बच्चे डेंगू की चपेट में हैं। यह खुलासा इंट्रीगेटिड डिसीज सर्विलांस प्रोग्राम की डेटा रिपोर्ट में हुआ है, जिसे प्रदेशभर के जिला मलेरिया अधिकारियों द्वारा डेंगू संक्रमित मरीजों की लाइन लिस्ट रिपोर्ट के आधार पर बनाया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में डेंगू संक्रमित मरीजों में हर तीसरा और भोपाल में डेंगू पॉजिटिव हर दूसरा मरीज बच्चा है। डेंगू संक्रमण की चपेट में बीते सालों की तुलना में इस साल 5 से 14 साल की उम्र के बच्चे ज्यादा संक्रमित हो रहे है। ऐसा संबंधित उम्र समूह के बच्चों का घर से बाहर मूवमेंट ज्यादा और सतर्कता कम होना है।
डेंगू के मरीजों में अशोक नगर के 50%, विदिशा, रायसेन के 45% बच्चे शामिल
भोपाल और अशोक नगर में मिले डेंगू मरीजों में 50% से ज्यादा मरीज बच्चे हैं। जबकि विदिशा, रायसेन और राजगढ़ में इनकी संख्या 45% से ज्यादा है। इसकी पुष्टि संबंधित जिलों के जिला मलेरिया अधिकारियों की डेंगू पॉजिटिव पेशेंट्स की एज एनालिसिस रिपोर्ट से हुई है, जो स्वास्थ्य संचालनालय भेजी गई है।
- प्रदेश में अब तक डेंगू बुखार के करीब 5 हजार मरीज मिले हैं। इनमें 28 फीसदी बच्चे हैं। कुछ जिलों में मच्छरों का प्रकोप ज्यादा होने से बच्चे इसके शिकार हो रहे हैं। – डॉ. संतोष कुमार जैन, एडीशनल डायरेक्टर हेल्थ एवं प्रभारी वेक्टर बोर्न कंट्रोल प्रोग्राम