Tuesday, September 30

हवाई उड़ान:एअर इंडिया की मुंबई मॉर्निंग और मुंबई-दिल्ली नाइट फ्लाइट रोज चलेंगी… पुणे फ्लाइट भी अब चार दिन

31 अक्टूबर से शाम और रात में इंडिगो शुरू करेगी भोपाल-दिल्ली फ्लाइट

राजा भोज एयरपोर्ट से वर्तमान में चल रही एअर इंडिया की भोपाल-मुंबई मॉर्निंग फ्लाइट अब रोज चलेगी। अभी सप्ताह में 4 दिन चल रही थी। वहीं, एअर इंडिया की ही भोपाल से मुंबई व दिल्ली के लिए चल रही नाइट फ्लाइट को भी अब रोज चलाया जाएगा। एअर इंडिया की फ्लाइट्स में यह परिवर्तन एक अक्टूबर से ही होने जा रहा है।

वहीं, इंडिगो की कोरोनाकाल में बंद हुई भोपाल-आगरा व भोपाल-अहमदाबाद फ्लाइट्स को कंपनी द्वारा 10 अक्टूबर से सप्ताह में 4 दिन चलाया जाएगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर केएल अग्रवाल का कहना है कि एअर इंडिया की जिन फ्लाइट्स की फ्रीक्वेंसी बढ़ने वाली है, उसका अधिकृत आदेश उन्हें मिल गया है।

इधर, इंडिगो की भोपाल-दिल्ली ईवनिंग फ्लाइट में भी 31 अक्टूबर से बुकिंग लेना शुरू कर दिया है। इसके अलावा कंपनी ने अपनी बंद पड़ी भोपाल-दिल्ली नाइट फ्लाइट को भी फिर से 31 अक्टूबर से ही चलाने का निर्णय लिया है। साथ ही इस फ्लाइट में बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। इधर, एअर इंडिया ने भोपाल से पुणे के बीच वर्तमान में मंगलवार व बुधवार को चल रही फ्लाइट को शुक्रवार और रविवार को भी चलाने की घोषणा कर दी है।