Friday, September 26

गुना पुलिस ने पकड़ा विदिशा का हत्यारा:पंचायत सचिव की गमछे से गला बांधकर कर दी थी हत्या; CCTV में हो गया था कैद, 20 दिन बाद गुना से पकड़ाया आरोपी

विदिशा से हत्या कर भागा आरोपी गुना में पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह आरोपी को विदिशा पुलिस को सौंप दिया। आगे की कार्रवाई विदिशा पुलिस करेगी। एक महीने में गुना पुलिस ने दो जिलों के फरार आरोपियों को पकड़कर संबंधित जिलों को सौंपा है। कुछ दिन पहले ही भिंड से फरार एक आरोपी को भी गुना पुलिस ने पकड़ा था।

दरअसल मामला यह है कि विदिशा शहर की स्वर्णकार कॉलोनी में रहने वाले मुलायमसिंह गुर्जर उर्फ राजेश पुत्र रघुवीरसिंह (45) किराए के मकान में रहता था। 1-2 सितंबर की रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव मकान की दूसरी मंजिल पर मिल था। पुलिस के अनुसार मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ था। उसी से गला बांधकर हत्या की गई थी।

पुलिस ने जांच के दौरान मकान मालिक नीरज पुत्र गोविन्द श्रीवास्तव (30) के बयान दर्ज किए। बयान में मकान मालिक ने बताया कि मुलायमसिंह गुर्जर ग्राम पंचायत बागरी में पंचायत सचिव थे। वह अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर किराए से रहते थे। रक्षा बंधन के समय उनकी पत्नि लक्ष्मीबाई व ल़ड़के राहुल व रितिक उनके घर ग्राम किस्नोदा उदयपुर बासौदा चले गए थे। तब से मुलायमसिंह अकेले ही थे। 1 सितंबर को दिन में मुलायमसिंह डयूटी पर गए थे। 2 सितंबर की सुबह वह अपने कमरे में मृत अवस्था में फर्श पर पड़े मिले।

CCTV से लगा सुराग

मकान में लगे CCTV खंगाले गए तो सामने आया कि 1 सितंबर की रात 23:46 बजे मुलायमसिंह के साथ एक व्यक्ति बाइक से आया। गाड़ी नीचे खड़े कर चेनल गेट का ताला लगाकर सीड़ी से दोनों ऊपर चले गए। रात करीब 3:10 बजे एक व्यक्ति सीड़ी से नीचे उतरता हुआ दिखा। शटर बंद होने से सीड़ी से वापस ऊपर चढ़ते हुए भी दिखा। गेट बंद होने के कारण मकान से बाहर जाते नजर नहीं आया।

मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किरायेदार नरेन्द्र राजदेव पुत्र स्व. रेमलदास ने बयान में बताया कि 1 सितंबर की रात मुलायमसिंह के साथ एक व्यक्ति बाइक सहित अंदर आया। बाइक खड़ी करने के बाद चेनल गेट बंद किया और सीड़ी से उपरी तल पर चले गए। साथ में आया एक अनजान व्यक्ति हट्टा-कट्टा दिख रहा था। उसकी उम्र करीब 30 से 40 वर्ष रही होगी। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी हत्या करने के बाद सीड़ी से कूदकर भागा है।

जांच के दौरान कुछ लोगों पर शक हुआ, जिनकी जानकारी आस-पास के जिले में भी भेजी गई। इसी दौरान पता लगा कि अशोकनगर के ररहने वाले एक व्यक्ति ने हत्या की है जो गुना में रह रहा है। यह इनपुट गुना पुलिस को भेजा गया। गुना पुलिस ने इनपुट के आधार पर आरोपी को भगत सिंह कॉलोनी से सोमवार-मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया। SP राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि विदिशा पुलिस के इनपुट पर हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने पूछताछ में अपने जुर्म कुबूल कर लिया है। आरोपी अशोकनगर के पटेल नगर का रहने वाला है। उसने अपना नाम उदित नारायण(26) पुत्र जयगोपाल बैरागी बताया है। आरोपी को विदिशा पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई विदिशा पुलिस ही करेगी।