
खेल दिवस पर शहर में अनेक आयोजन हुए। इस मौके पर जहां खेल जगत से जुड़ी प्रतिभाओं का सम्मान हुआ, वहीं शारीरिक शिक्षकों ने गांधी वादी तरीके से गांधी चौक पर मौन धरना प्रदर्शन किया। जिला ओलंपिक संघ ने शहर में खिलाड़ियों की एक रैली निकाली। यह रैली माधवगंज चौक से कनारा क्रिकेट ग्राउंड तक निकाली गई।
रैली शुरू होने से पहले चलो आज कुछ अच्छा करते हैं, ग्रुप के माध्यम से खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। यह रैली मुख्य मार्गों से होकर करीब दो किमी दूर कनारा क्रिकेट ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में अखाड़े के सदस्य करतब दिखाते चल रहे थे। रैली का स्पेयर पार्ट्स संघ, मेडिकल एसोसिएशन, कपड़ा एसोसिएशन, टेंट एसोसिएशन, टेलर मास्टर एसोसिएशन ने स्वागत किया।
बेरोजगारी से जूझ रहे शारीरिक शिक्षकों ने मौन रखकर किया प्रदर्शन : जिला खेल एवं शारीरिक शिक्षा संघ विदिशा ने नीम ताल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत में संघ के जिला अध्यक्ष रविकांत नामदेव ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस प्रदर्शन में जिले भर से शारीरिक प्रशिक्षक शामिल हुए।
खेल प्रतिभाओं और कोचों का किया सम्मान
रैली के समापन पर कनारा क्रिकेट ग्राउंड पर खेल प्रतिभाओं और कोचों का सम्मान किया गया। बारिश से कार्यक्रम कनारा ग्राउंड में शिफ्ट किया गया। यहां पर उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोचों का सम्मान किया गया। इस दौरान श्रवण मिश्रा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, विधायक राजश्री सिंह, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रुद्रपताप सिंह, पूर्व नपा अध्यक्ष मुकेश टंडन, स्कूल संचालक योगेंद्र सिंह राणा, संदीप डोंगर सिंह, विकास यादव मौजूद रहे।