
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम गोबहेला के पास गुरुवार दोपहर नहाने गया एक बालक खदान में डूब गया था, जिसका शव होमगार्ड की टीम ने करीब 10 घंटे तक चलाए सर्चिंग ऑपरेशन में काफी मशक्कत के बाद तालाश किया। जानकारी के मुताबिक 16 वर्षीय राजा अहिरवार गुरुवार दोपहर 1 बजे तालाब नुमा खदान में नहाते समय डूब गया था। सूचना मिलने पर होमगार्ड विदिशा की क्यूआरटी के जवानों ने मोटरबोट की सहायता से तालाब में डूबे बालक को घटना वाले दिन रात करीब 10 बजे तक सर्चिंग के जरिए तलाश किया।
दोपहर से देर रात तक चली सर्चिंग के बावजूद तालाब में डूबे बालक राजा का कुछ पता नहीं चल सका था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह 7 बजे से तालाब में होमगार्ड की क्यूआरटी के जवान सर्चिंग में जुट गए थे। आखिरकार इस सर्चिंग के दौरान सुबह करीब 9.45 बजे तालाब में डूबे राजा का शव जवानों ने ढूंढ निकाला।
दोस्तों के साथ नहाने गया था राजा : राजा अपने 10-12 दोस्तों के साथ गुरुवार को भाटनी और गोबरहेला के बीच मुरम के लिए खोदी गई खदान में भरे पानी में नहा रहा था। पानी की गहराई काफी अधिक हाेने से नहाते समय राजा डूब गया था। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर नायब तहसीलदार प्रमोद उइके भी पहुंच गए थे।