
13 हजार लोग ज्यादा पहुंचे, कई सेंटरों में दोपहर 2 बजे ही वैक्सीन खत्म, दोबारा भेजी गई
वैक्सीनेशन महा अभियान के पहले दिन प्रशासन ने जहां 48 हजार लोगों को टीका लगाने का टारगेट रखा था, वहीं उसकी तुलना में विदिशा जिले में बुधवार शाम करीब 7:15 बजे तक 190 केंद्रों में 61412 लोगों ने अपनी खुशियों का टीका लगाया। टारगेट से 13 हजार लोग अधिक पहुंचने के कारण कई सेंटरों में वैक्सीन का ही टोटा पड़ने लगा था।
दोपहर 2 बजे तक ही कई सेंटरों में वैक्सीन खत्म होने पर वहां से अतिरिक्त डोज भेजने की डिमांड आई थी। इस कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां 200 से लेकर 300 तक अतिरिक्त डोज भेजने का इंतजाम किया था।
इस महा अभियान में पहली बार वैक्सीन का पहला डोज लगवाने वाले लोगों के हाथों में सिंगल टिक मार्क वाला और दूसरा डोज लगवाने वाले लोगों के दाहिनी हथेली पर डबल टिक मार्क वाला ठप्पा लगाया गया। टीकाकरण महा अभियान के दूसरे दिन 35 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाने का टारगेट रखा गया है। महा अभियान के दूसरे दिन यानी 26 अगस्त के लिए 40 हजार डोज जिले को प्राप्त होंगे।
सेंटरों में भेजे थे 400 डोज दोपहर में हुए खत्म
दुर्गानगर स्थित महाराणा प्रताप कालेज में बने वैक्सीनेशन सेंटर में टीकाकरण के पहले दिन प्रशासन ने कोवीशील्ड के 400 डोज भेजे थे। दोपहर 2 बजे तक यहां 300 से अधिक लोगों को टीका लग चुका था। इसके बाद भी वहां 200 से अधिक महिला और पुरुष कतार में लगे थे। कालेज के संचालक यशवंत प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि दोपहर 2 बजे के बाद वैक्सीन खत्म होने की स्थिति बन गई थी। इस कारण इस सेंटर में अतिरिक्त डोज भेजने की डिमांड भेजी गई थी। बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। लोगों में जागरुकता आ रही है।
उत्साह, सुबह 7 बजे से ही कतार में लगे थे लोग
पुराने जिला अस्पताल में सबसे ज्यादा लोग टीका लगवाने पहुंचे थे। यहां सुबह 7 बजे से ही लोग कतार में लग गए थे। हालांकि वैक्सीन सुबह 8 बजे सेंटर पर पहुंची थी। लोगों को सुबह 9 बज से वैक्सीन लगाने का काम शुरू किया गया था। यहां भी दोपहर 1 बजे के बाद वैक्सीन कम पड़ने लगी थी। ज्यादा संख्या में लोग पहुंच गए थे। यहां भी अतिरिक्त वैक्सीन का इंतजाम किया गया। इसी प्रकार रामलीला मैदान के लंका भवन में भी लोगों की भीड़ ज्यादा थी। भीड़ के अनुपात में टीके कम पड़ रहे थे।
प्रशासन की अच्छी व्यवस्था
टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए भाजपा नेता पहले से ही लोगों के घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल बांट रहे थे। इस संबंध में रहवासी संस्कृति शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने अच्छी व्यवस्था की है। जिन महिलाओं के साथ बच्चे आ रहे हैं। उनके लिए पहली प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही पानी आदि की सारी व्यवस्था सेंटर पर अच्छी की गई है।
7 वें स्थान पर इंदौर, 9वें पर नीमच
टीकाकरण महा अभियान के पहले दिन टीकाकरण में विदिशा प्रदेश में 8वें स्थान पर रहा है। बुधवार शाम 7 बजे तक 61412 को टीके लगाए हैं। यह लक्ष्य से 127 प्रतिशत अधिक है। 7वें नंबर पर इंदौर और 9वें नंबर पर नीमच जिला रहा है।
पहले दिन कहां कितने टीके लगे
गंजबासौदा 13310
ग्यारसपुर 7958
कुरवाई 6418
लटेरी 5791
नटेरन 9810
सिरोंज 7166
विदिशा 10959
कुल 61412
800 कर्मियों का लगा अमला
जिला टीकाकरण अधिकारी डा.डीके शर्मा ने बताया कि महा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे जिले में 800 से अधिक कर्मचारियों का अमला लगा था।
7 लाख को लग चुका टीका… जिले में 24 अगस्त तक की स्थिति में अब तक 7 लाख 15 हजार लोगों को टीका लग चुका था।
तीसरी लहर की चपेट में आ सकती है देश की 18 से कम उम्र की आबादी
भारत में भी जल्द ही 18 वर्ष से कम आयु के लोगों को भी टीके लगना शुरू हो जाएंगे। यहां बता दें कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा टीका उत्पादक देश है। इसके बाद भी अभी 18 साल से कम वालों को अभी तक टीका नहीं लगा है। तीसरी लहर में इसी वर्ग के चपेट में आने की आशंका है।
आज 100 केंद्रों में लगेंगे 35 हजार टीके
महा अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को जिले के 100 केंद्रों में 35 हजार लोगों को टीका लगाने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए देर रात तक वैक्सीन के 24 हजार डोज मिल जाएंगे। 11 हजार से अधिक डोज पहले दिन के बचे हुए हैं। इस प्रकार दूसरे दिन 35 हजार से अधिक लोगों को टीका लग सकता है। इसमें दूसरा डोज लगवाने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
40 हजार डोज मिलेंगे
अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह ने बताया कि टीकाकरण महा अभियान के द्वितीय चरण के तहत दूसरे दिन 26 अगस्त के लिए जिले को 40000 वैक्सीन के डोज प्रदेश स्तर पर आवंटित किए जाने हैं। गुरुवार को शहर में 12 और ग्रामीण इलाकों में 21 केंद्रों पर टीके लगाए जाएंगे।
क्या है हर्ड इम्युनिटी
हर्ड इम्युनिटी यानी कि आबादी में प्राकृतिक रूप से विकसित हुई रोग प्रतिरोधक क्षमता। विशेषज्ञों के अनुसार कुल आबादी के 70 से 80% में संक्रमण फैल जाता है तो उससे हर्ड इम्युनिटी बनने की संभावना रहती है या इसी अनुपात में टीका लगे तब कोरोना से सुरक्षा मिलेगी।
शहर में आज इन केंद्रों में लगेंगे टीके
- रामलीला लंका भवन
- जय स्तंभ चौक बजरिया
- मोहनगिरी स्वास्थ्य केंद्र
- ओल्ड सिटी हास्पिटल
- दिव्यांग पुनर्वास केंद्र विदिशा
- प्राथमिक हेल्थ सेंटर करैयाखेड़ा
- हाईस्कूल शेरपुरा
- महाराणा प्रताप कालेज
- शासकीय गर्ल्स कालेज
- एमएलबी स्कूल डंडापुरा