
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘आत्मनिर्भर नारीशक्ति से संवाद’ प्रोग्राम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे होगा। इसमें प्रधानमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से बातचीत करेंगे। इसमें दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत प्रमोट की गई महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान देश भर के स्वयं सहायता समूह की सफल महिलाओं की कहानियां जारी की जाएंगी। इस दौरान कृषि आजीविका पर हैंडबुक भी जारी की जाएगी।
4 लाख स्वयं सहायता समूहों को मिलेंगे 1625 करोड़ रुपए
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान 4 लाख स्वयं सहायता समूहों के लिए 1625 करोड़ रुपए का फंड भी रिलीज करेंगे। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के 7500 सदस्यों को बीज के लिए 25 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे। यह राशि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की PMFME (पीएम फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज) योजना के तहत दी जाएगी। योजना के तहत चल रहे 75 FPO (किसान उत्पादक संगठनों) को 4.13 करोड़ रुपए का फंड भी रिलीज किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहेंगे 6 केंद्रीय मंत्री
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पशुपति कुमार पारस, साध्वी निरंजन ज्योति, फग्गन सिंह कुलस्ते, कपिल मोरेश्वर पाटिल और प्रहलाद सिंह पटेल भी मौजूद रहेंगे।
क्या है दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन?
DAY-NRLM फेज वाइज तरीके से गांवो में रहने वाले गरीब परिवारों को स्वयं सहायता समूहों (SHGs) में शामिल करता है। यह मिशन उनकी आमदनी और जीवन स्तर में सुधार करने के लिए उन्हें लंबे समय तक सहायता देता है। SHG की प्रशिक्षित महिलाएं मिशन के बहुत सारे काम संचालित करती हैं। इन प्रशिक्षित महिलाओं को कृषि सखी, पशु सखी, बैंक सखी, बीमा सखी कहा जाता है। मिशन के तहत SHG से जुड़ी महिलाओं को घरेलू हिंसा, महिला शिक्षा, हेल्थ, न्यूट्रिशन और सैनिटेशन के प्रति जागरूक किया जाता है।