
आधे घंटे तक ओवर ब्रिज का ट्रैफिक डायवर्ट, खुलने पर लगा जाम
भारत छोड़ो आंदोलन की 79वीं वर्षगांठ पर रविवार को कांग्रेस ने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ पूरी ताकत के साथ जंगी प्रदर्शन किया। जन आक्रोश रैली के रूप में कांग्रेस द्वारा किए इस जंगी प्रदर्शन में दो पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए। रैली से पहले माधवगंज पर करीब तीन घंटे तक चली लंबी सभा में कांग्रेस के कई नेताओं ने महंगाई सहित अन्य मुद्दों पर तल्ख अंदाज में भाजपा की जमकर खिलाफत की। सभा के अंत में राष्ट्रगान गाकर तत्काल बाद जन आक्रोश रैली की शुरुआत की। माधवगंज से नीमताल तक निकाली गई इस विशाल रैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली।
नीमताल पर महात्मा गांधी के माल्यार्पण के पहुंचकर रैली समाप्त हुई। प्रदर्शन के समापन से ठीक पहले गांधी चौक पर महंगाई की अर्थी जलाने के दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। नौबत हाथा-पाई तक आ गई। प्रदर्शन के समापन के दौरान एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। महंगाई, कृषि, किसान, बेरोजगारी, कोविड, अपराध सहित कई मुद्दों पर कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिले की अलग-अलग विधानसभाओं से आए कांग्रेस के नेता अपने समर्थकों की भीड़ के रूप में माधवगंज पर हुई सभा में सुबह से ही एकजुट होने लगे थे।
जुलूस के साथ बड़ी संख्या में पुलिस ने मोर्चा संभाला, भोपाल से आया क्यूआरएफ बल
ओवर ब्रिज के पास की गई बेरिकेडिंग को भेदने की कोशिश करने लगे कार्यकर्ता
नीमताल के पास ट्रैफिक डायवर्ट करने के लिए ओवर ब्रिज के छोर पर बेरिकेडिंग की गई थी। इस बेरिकेडिंग के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। एक तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बीच चौराहा पर महंगाई की अर्थी जला रहे थे। पुलिस ने हल्के तौर पर अर्थी जलाने से रोकने का प्रयास भी किया। जलने से पहले ही खींचतान में अर्थी छारछार हो गई। इसके बाद पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ता उग्र अंदाज में ओवर ब्रिज के पास की गई बेरिकेडिंग को भेदने की कोशिश करने लगे। बेरिकेडिंग के पास से हटाने के दौरान पुलिस की कांग्रेसियों के साथ झड़प हो गई। थोड़ी देर बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच पहुंच गए।
करीब 150 से ज्यादा कांग्रेसी मंच पर चढ़े, वजन से हिले तखत तो कूद गए
मंच पर करीब 150 कांग्रेसी मौजूद थे। भीड़ बढ़ने से मंच के दाई तरफ के कोने के दो तखत अनियंत्रित हो गए, जिससे कई कार्यकर्ताओं को गिरने से बचने के लिए मंच से कूदना पड़ा। भाषण के बीच मंच के पास मौजूद कई कांग्रेसी कार्यकर्ता बार-बार नेताओं के साथ सेल्फी लेने के लिए अनुशासनहीनता करते रहे, जिन्हें मंच से जिला अध्यक्ष निशंक जैन पंडाल से बाहर करने तक हिदायतें देते रहे।
खास खास झलकियां
- एक बैलगाड़ी पर बाइक और गैस सिलेंडर रखे हुए थे, वहीं दूसरी बैलगाड़ी पर महिला नेत्री आशा सिंह राजपूत चूल्हा लेकर महिलाओं के साथ सवार थीं।
- जुलूस के आगे और पीछे भारी संख्या में पुलिस मोर्चा संभाले हुए था। भोपाल से आया क्यूआरएफ का बल भी तैनात था।
- कांग्रेस की रैली की वजह से आधे घंटे तक ओवर ब्रिज का ट्रैफिक डायवर्ट रहा, वहीं मार्ग खुलने के बाद भी आधे घंटे तक ओवर ब्रिज पर जाम की स्थिति बनी रही।
पेट्रोल-डीजल के दाम आज दो गुना हो गए: जयवर्धन
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस जो 70 साल में नहीं कर पाई वो भाजपा ने सात साल में कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिर्फ सात साल में ही पेट्रोल-डीजल के दाम दो गुना कर दिए हैं। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि देश की जनता कोरोना के बाद आप और हम महंगाई की मार झेलने को मजबूर हैं।
विधायक शशांक भार्गव ने कहा कि आम आदमी की रोजमर्रा की वस्तुओं के भाव दो गुना हो गए हैं। जिला अध्यक्ष निशंक जैन ने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एक जुट होने पर जोर दिया है। वहीं सभा को सुनील सूद, पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर, लोस प्रत्याशी शैलेंद्र पटेल ने संबोधित किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ मेहताब सिंह यादव, कमल सिलाकारी, रणधीर सिंह ठाकुर, आनंद प्रताप, देवेंद्र सिंह राठौर, सिरोंज रजत गौड़, दीपक वाजपेई, राजेश दुबे, अंशुज शर्मा शामिल थे।