Tuesday, September 23

टोक्यो ओलिंपिक LIVE:महिला हॉकी में भारत हाफ टाइम तक ऑस्ट्रेलिया से 1-0 से आगे; गुरजीत कौर ने डायरेक्ट फ्लिक से गोल दागा

टोक्यो ओलंपिक के 11वें दिन आज महिला हॉकी के क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से चल रहा है। भारत की गुरजीत कौर 22वें मिनट में गोल दाग टीम को 1-0 की लीड दिलाई। उन्होंने डायरेक्ट फ्लिक से गोल किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार ड्रैग फ्लिक से गोल गंवाया। फिलहाल तीसरे क्वार्टर का खेल जारी है।

शूटिंग में भी भारत की आखिरी उम्मीद ऐश्वर्य प्रताप सिंह और संजीव राजपूत का मुकाबला शुरू हो चुका है। ये दोनों 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कमलप्रीत कौर डिस्कस थ्रो के फाइनल में उतरेंगी। कमलप्रीत अगर मेडल जीतती हैं तो वह एथलेटिक्स में मेडल लाने वाली पहली भारतीय बन जाएंगी। वहीं स्प्रिंटर दुती चंद 200 मीटर के हीट में आखिरी स्थान पर रहीं और बाहर हो गई हैं।

हॉकी में पहले क्वार्टर में बराबरी का मुकाबला
दो क्वार्टर का खेल हो चुका है। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी। दोनों ही टीमों ने गोल करने का 1-1 मौका गंवा दिया। मैच के दूसरे ही मिनट में ऑस्ट्रेलिया की फॉरवर्ड खिलाड़ी ने भारतीय गोल पर अटैक किया, लेकिन डिफेंडर सविता ने उन्हें रोक लिया। भारत ने खेल के 9वें मिनट में गोल करने का मौका बनाया था, लेकिन रानी रामपाल चूक गईं। वंदना कटारिया के पास को रानी ने डिफलेक्ट किया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट पर जा लगी।

हॉकी में दूसरे क्वार्टर में भारत ने अटैक किया
भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में कमाल की हॉकी खेली। भारतीय महिला टीम को अगर इतिहास रचना है तो अगले 30 मिनट ऐसी ही हॉकी खेलनी होगी। 30 मिनट के इस खेल में अगर वह पूरा जोर लगा दे तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह दूसरे नंबर पर
शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने उम्मीदें जगा दी हैं। वह पुरुषों के 50 मीटर थ्री पॉजिशन के क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने नीलिंग में कुल 397 का स्कोर किया है। उन्होंने पहली सीरीज में 99, दूसरी में 100, तीसरी में 98 और चौथी सीरीज में 100 का स्कोर किया।

संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का मुकाबला शुरू
शूटिंग में संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का मुकाबला शुरू हो गया है। पुरुषों के 50 मीटर थ्री पॉजिशन के क्वालिफिकेशन में ये दोनों निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। थ्री पॉजिशन राइफल में तीन राउंड होते हैं। खिलाड़ियों को 3 पॉजिशन नीलिंग (घुटने के बल बैठना) प्रोन ( लेटकर) और स्टैडिंग (खड़े होकर) पोजिशन में निशाना लगाना होता है। हर राउंड में 40 शॉट्स होते हैं। तीनों राउंड के बाद टॉप 8 खिलाड़ी अगले राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगे।

महिला हॉकी में भारत Vs ऑसट्रेलिया
भारत की महिला हॉकी टीम का सामना 3 बार की ओलंपिंक चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से चल रहा है। दुनिया की 10वें नंबर की टीम भारत टोक्यो ओलंपिक में ग्रुप स्टेज (ए) में चौथे स्थान पर रही थी। वहीं चौथे रैंकिंग वाली ऑस्ट्रेलिया ग्रुप-B में टॉप पर थी। उसने अपने सभी 5 मैचों में जीत हासिल की थी।

महिला हॉकी में अर्जेंटीना टीम सेमीफाइनल में
महिला हॉकी के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने जर्मनी को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ अर्जेंटीना सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली महिला हॉकी टीम बन गई।

कमलप्रीत कौर रच सकती हैं इतिहास
आज देश की नजरें कमलप्रीत कौर पर होंगी। वह डिस्कस थ्रो के फाइनल में उतरेंगी। कमलप्रीत पदक जीतने में कामयाब रहीं तो एथलेटिक्स में मेडल लाने वाली वह पहली भारतीय बन जाएंगी। क्वालिफिकेशन राउंड में कमलप्रीत के प्रदर्शन को देखते हुए उनसे मेडल लाने की उम्मीद बढ़ चुकी है। उन्होंने 64 मीटर दूर चक्का फेंककर इतिहास रच दिया था।

आखिरी स्थान पर रहीं दुती चंद
भारत की दुती चंद महिला 200 मीटर हीट 4 में आखिरी स्थान पर रही हैं। वह 7वें नंबर पर रहीं। इसी के साथ वह सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही हैं।