
ग्वालियर के डबरा में सिर्फ 3 लाख रुपए के लिए एसिड पिलाने के बाद दिल्ली में भर्ती पत्नी शशि का जिंदगी के लिए संघर्ष अभी जारी है। गुरुवार रात अचानक उसकी हालत बिगड़ी गई। उसे ICU में भर्ती कराया गया है। रात भर से उसने किसी से बात नहीं की है। इस मामले में आरोपी पति और उसकी भाभी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
शशि की हालत हर दिन बिगड़ती जा रही है। पीड़ित के भाई योगेश अच्छे इलाज के लिए CM शिवराज सिंह से भी अपील कर चुका है, लेकिन अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। एक दिन पहले पीड़िता बोलने की स्थिति में थी और उसने अपना वीडियो जारी करवाया था। इसमें वह पति द्वारा तेजाब पिलाने का बार-बार आरोप लगा रही थी।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के घाटीगांव सिमरिया निवासी 22 वर्षीय शशि जाटव की शादी 17 अप्रैल 2021 को डबरा के रामगढ़ निवासी वीरेन्द्र कुमार जाटव के साथ हुई थी। शादी में शशि के मायके वालों ने 10 लाख रुपए तक खर्च किए थे। अभी लॉकडाउन के बाद वीरेन्द्र को नई कार खरीदनी थी। जिसमें 3 लाख रुपए कम पड़ रहे थे। उसने पत्नी को मायके से तीन लाख रुपए लाने के लिए कहा।
27 जून की रात को उससे फिर 3 लाख रुपए के लिए कहा गया। इस बार मना करने पर पति ने शशि को हत्या करने के इरादे से जबरदस्ती एसिड पिला दिया। एसिड पीते ही नवविवाहिता गले में जलन मचने से तड़पने लगी। तत्काल ग्वालियर में भर्ती कराया, लेकिन उसकी हालत बेहद खराब होने पर उसे दिल्ली रैफर किया गया था। इसके बाद डबरा सिटी थाना में सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया था। दिल्ली में वहां दो दिन पहले शशि ने SDM के सामने बयान में पति के द्वारा एसिड पिलाने की बात कही थी।
इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य स्वाति मालीवाल के इस मामले में CM शिवराज सिंह को ट्वीट करने के बाद से यह मुद्दा काफी चर्चित बना हुआ है। इस मामले में तीन आरोपी हैं। पुलिस ने आरोपी पति वीरेन्द्र जाटव, वीरेन्द्र की भाभी मिथलेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पीड़िता की ननद की गिरफ्तारी रह गई है। इस मामले में विवेचना अधिकारी ASI को सस्पेंड करने के बाद TI डबरा सिटी थाना विनायक शुक्ला को हटा दिया गया है।
दिन-ब-दिन बिगड़ रही हालात
दिल्ली से घायल शशि जाटव के भाई योगेश ने बताया कि बहन को अच्छे और महंगे निजी अस्पताल में इलाज की जरूरत है। यहां प्रॉपर इलाज नहीं मिल रहा है। हमारी इतनी हैसियत नहीं है कि महंगा इलाज करा सकें। इस कारण हर दिन के साथ उसकी हालत बिगड़ रही है। बार-बार वह पति और उसकी हैवानियत के बारे में सोचकर घबरा जाती है। गुरुवार रात अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो तत्काल ICU में भर्ती करना पड़ा। रात से ही उसने बोलना बंद कर दिया है।
पीड़िता ने वीडियो जारी कर लगाया था पति-जेठ पर आरोप
बुधवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें पीड़िता अपने पति को बचाने के लिए कह रही थी। इस मामले में गुरुवार सुबह एक और वीडियो पीड़िता की तरफ से उसके मायके पक्ष ने जारी किया है। जिसमें पीड़िता ने पति के पक्ष में जारी वीडियो को फर्जी और धमकी देकर बनवाना बताया है। हुआ यह था कि जब पुलिस ने पीड़िता के पति का दिल्ली में अस्पताल से गिरफ्तार किया था तो वहां पीड़िता का जेठ सुरेन्द्र और उसकी पत्नी मौजूद थे।
पुलिस तो वहां से चली आई। अकेली शशि को उन दोनों ने धमकाया। सुरेन्द्र ने शशि के भाई की हत्या करने की धमकी देकर पति के बचाव में वीडियो बनाया और बाद में केस को कमजोर करने के लिए उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। गुरुवार को नए जारी वीडियो में पीड़िता ने पति के बचाव वाले वीडियो को झूठा बताया है। अपनी इस हालत के लिए पति और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है।