
देश में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। बुधवार को यहां 41,683 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 38,793 लोगों ने महामारी को मात दी और 510 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे लोगों की संख्या में 2374 की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई।
देश के लिए फिलहाल केरल चिंता का सबब बना हुआ है। यहां कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते दिन यहां 17,481 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह पिछले डेढ़ महीने में एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 3 जून को 18,853 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 41,683
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 38,793
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 510
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.12 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 3.04 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4.19 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.03 लाख
8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।