
वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता और पदोन्नति की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा ने मंगलवार को जंगी तेवर के साथ प्रदर्शन किया। इस में अधिकारी-कर्मचारियों के 18 संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। इस प्रदर्शन में सबसे पहले सभी संगठनों के सैकड़ों सदस्य ईदगाह चौराहा पर एकजुट हुए। यहां करीब एक घंटे तक चली गेट मीटिंग के दौरान संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव सहित सभी संगठनों के पदाधिकारियों ने मांगों के संबंध में अपनी आवाज बुलंद की।
गेट मीटिंग के बाद अधिकारी-कर्मचारी ईदगाह से जुलूस की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंचे। कलेक्टोरेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर अमृता गर्ग को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। संयुक्त मोर्चा ने ज्ञापन में सरकार को 29 जुलाई तक मांग पूरी करने का समय दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर 29 जुलाई को सामूहिक अवकाश लेने और आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में मुख्य रूप से मोर्चा के महासचिव उमराव सिंह कुशवाह, शिवराज सिंह ठाकुर, अशोक जैन, रणधीर सिंह रघुवंशी, मंगल सिंह तोमर, संतोष रिछारिया आदि मौजूद रहे।