
देश में सोमवार को कोरोना के 34,026 मामले सामने आए। इस दौरान 51,827 लोगों ने कोरोना को मात दी और 552 लोगों की संक्रमण की वजह से जान भी गई। बीते दिन आया कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा पिछले 106 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 16 मार्च को कोरोना के 28,869 मरीज मिले थे।
वहीं, रोजाना होने वाली मौतों में भी कमी रिकॉर्ड की जा रही है। बीते दिन संक्रमण की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा पिछले 3 महीने में सबसे कम है। इससे पहले 3 अप्रैल को 514 लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 34,026
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 51,827
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 552
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.06 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.97 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4.03 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.58 लाख
9 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 9 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियाें के साथ छूट भी है। इनमें कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।